

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर, 26 अप्रैल 2026। जनपद हमीरपुर स्थित रिजर्व पुलिस लाइन के प्रशिक्षण केंद्र में दीक्षांत परेड समारोह-2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

इस अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कुल 429 रिक्रूट आरक्षियों ने परेड में भाग लिया। उन्होंने उत्कृष्ट अनुशासन, समन्वय और एकरूपता का परिचय देते हुए सलामी, ड्रिल और मार्च पास्ट का सटीक एवं प्रभावी प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि ने परेड का निरीक्षण किया और रिक्रूट आरक्षियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण की भावना बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कार्यक्रम की सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं की सराहना भी की।
समारोह के दौरान परेड ग्राउंड की साज-सज्जा, ध्वनि व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध एवं अतिथि स्वागत की व्यवस्थाएं सुचारू रूप से सुनिश्चित की गईं। रिक्रूट आरक्षियों के परिजनों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया, जिन्होंने तालियों के माध्यम से उनका मनोबल बढ़ाया।
इसके उपरांत पुरस्कार एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न टोलियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षियों को सम्मानित किया गया। अंत में पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी आरक्षियों को शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक, आरटीसी प्रभारी सहित पुलिस एवं प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।