
“प्रदेश प्रवक्ता के रूप में अजय धवले की पुनर्नियुक्ति, संगठन को मिलेगी नई मजबूती”
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश द्वारा वरिष्ठ नेता अजय धवले को पुनः ‘प्रदेश प्रवक्ता’ नियुक्त किए जाने पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों में हर्ष का माहौल है। यह पुनर्नियुक्ति उनके राजनीतिक अनुभव, संगठन के प्रति समर्पण और प्रभावशाली वक्तृत्व कौशल का प्रतिफल मानी जा रही है।

अजय धवले की पहचान एक सशक्त और स्पष्टवादी प्रवक्ता के रूप में रही है, जिन्होंने समय-समय पर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया है। उनकी पुनर्नियुक्ति से प्रदेश स्तर पर पार्टी की आवाज और अधिक मुखर व सुदृढ़ होने की उम्मीद जताई जा रही है।
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि धवले के नेतृत्व में प्रवक्ता के रूप में संगठन को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी। उनकी कार्यशैली, अनुशासन और संगठन के प्रति अटूट निष्ठा उन्हें इस जिम्मेदारी के लिए उपयुक्त बनाती है।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप मोहोड़ सहित जिले के अनेक भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अजय धवले को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। सभी ने उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे पार्टी की विचारधारा को और अधिक प्रभावशाली ढंग से जनता के बीच प्रस्तुत करेंगे।
अजय धवले की यह पुनर्नियुक्ति न केवल उनके व्यक्तिगत नेतृत्व की स्वीकृति है, बल्कि यह संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और निरंतर सक्रियता का भी प्रमाण है। पार्टी कार्यकर्ताओं में इस निर्णय को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।