
मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। जिलाधिकारी श्री अभिषेक गोयल के निर्देशानुसार आज कृषि उत्पादन मंडी समिति, भरुआ सुमेरपुर में किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक डॉ. प्रशांत, कृषि विज्ञान केंद्र कुरारा के वैज्ञानिक, उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी हमीरपुर, जिला कृषि अधिकारी सहित सिंचाई, विद्युत, लघु सिंचाई, कृषि विपणन एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।

किसान दिवस में किसानों द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं एवं सुझाव रखे गए। संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा किसानों की समस्याओं की जानकारी लेते हुए उनके निस्तारण के संबंध में आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ की गई। अधिकारियों ने किसानों को विभागीय योजनाओं, अनुदान एवं कृषि से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई।
उप कृषि निदेशक ने बताया कि रबी सीजन के लिए किसान कृषि विभाग के पोर्टल के माध्यम से बीज की बुकिंग कर अनुदान पर बीज प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने किसानों से समय से बीज की बुकिंग कराने तथा विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
किसानों को कृषि यंत्रों पर अनुदान के संबंध में भी जानकारी दी गई। बताया गया कि कृषि यंत्रों के लिए चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ई-लॉटरी कराई जाएगी। संबंधित किसानों से निर्धारित तिथि पर उपस्थित होकर ई-लॉटरी प्रक्रिया में प्रतिभाग करने की अपील की गई।
कृषि विज्ञान केंद्र कुरारा के वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को रबी फसलों की उन्नत खेती, प्रमाणित बीज के उपयोग तथा फसल उत्पादन बढ़ाने की वैज्ञानिक तकनीकों के संबंध में जानकारी दी गई। किसानों को बताया गया कि उन्नत एवं प्रमाणित बीजों का प्रयोग कर फसल की उत्पादकता एवं गुणवत्ता में वृद्धि की जा सकती है।
पशुपालन विभाग द्वारा सहभागिता योजना एवं बकरी पालन योजना सहित पशुपालन से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी द्वारा किसानों को उनकी उपज का न्यूनतम समर्थन मूल्य प्राप्त करने तथा संबंधित व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी गई। उद्यान विभाग द्वारा ड्रिप इरीगेशन सहित विभिन्न योजनाओं के संबंध में बताया गया। किसानों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करने के लिए प्रेरित किया गया।
अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आश्वस्त किया कि किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। किसानों से अपील की गई कि वे अपनी समस्याएं संबंधित विभागीय अधिकारियों के समक्ष रखें, ताकि उनका नियमानुसार त्वरित समाधान कराया जा सके।
कार्यक्रम के अंत में उप कृषि निदेशक द्वारा उपस्थित सभी किसान भाइयों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए किसान दिवस के समापन की घोषणा की गई।

