
घोघरा–रिधोरा में आज होगी “कृषि चर्चा”, किसानों को संतरा फसल प्रबंधन पर मिलेगा विशेषज्ञ मार्गदर्शन
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुरना – किसानों को खेती से जुड़ी नवीन जानकारियाँ, उन्नत कृषि तकनीकों तथा विभिन्न कृषि समस्याओं के समाधान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सौसर फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन द्वारा घोघरा–रिधोरा में नियमित रूप से “कृषि चर्चा” कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम प्रत्येक रविवार को आयोजित किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के किसानों को कृषि विशेषज्ञों से सीधे संवाद करने और अपनी समस्याओं के समाधान प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
इसी क्रम में रविवार 8 मार्च 2026 को आयोजित कृषि चर्चा कार्यक्रम में कृषि विशेषज्ञ श्री प्रवीण बेलखेडे किसानों को संतरा फसल के उत्पादन, प्रबंधन एवं रोग नियंत्रण विषय पर विस्तृत जानकारी देंगे। कार्यक्रम के दौरान संतरा फसल में आने वाली विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए किसानों को उनके समाधान तथा उन्नत कृषि तकनीकों के बारे में भी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार इस पहल का उद्देश्य किसानों को आधुनिक खेती की जानकारी उपलब्ध कराना, उत्पादन लागत कम करते हुए आय बढ़ाने के उपाय बताना तथा किसानों के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान कराना है। कार्यक्रम में विशेष रूप से संतरा उत्पादक, सब्जी उत्पादक एवं दुग्ध व्यवसाय से जुड़े किसान भाग ले सकेंगे, ताकि वे विशेषज्ञों से मार्गदर्शन लेकर अपनी कृषि गतिविधियों को और अधिक लाभकारी बना सकें।
यह कृषि चर्चा कार्यक्रम घोघरा–रिधोरा में रविवार शाम 5 बजे आयोजित किया जाएगा। आयोजकों ने क्षेत्र के सभी किसान भाइयों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम में भाग लें और विशेषज्ञों के मार्गदर्शन का लाभ उठाएं।