A2Z सभी खबर सभी जिले की

लाड़ली बहना योजना ने सिखाया बचत और भविष्य संवारना

 

लाड़ली बहना योजना ने सिखाया बचत और भविष्य संवारना

संवाददाता धनंजय जोशी

जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

Related Articles

पांढुरना – मध्य प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित लाड़ली बहना योजना महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। यह योजना न केवल महिलाओं को आर्थिक सहारा प्रदान कर रही है, बल्कि उन्हें बचत और भविष्य की योजना बनाने के लिए भी प्रेरित कर रही है। इसी का एक प्रेरणादायक उदाहरण पांढुर्णा विकासखंड के ग्राम कोडिया की निवासी श्रीमती चुनिया डोंगरे हैं।

श्रीमती चुनिया डोंगरे ने लाड़ली बहना योजना से मिलने वाली मासिक राशि का उपयोग समझदारी से करते हुए अपने बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उन्होंने योजना से प्राप्त राशि में से नियमित रूप से बचत कर अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए भविष्य में होने वाले खर्चों को ध्यान में रखते हुए पोस्ट ऑफिस में बच्चों के नाम से एफडी (फिक्स्ड डिपॉजिट) खुलवाई है। उनका कहना है कि इस बचत का उपयोग बच्चों की आगे की पढ़ाई और उच्च कक्षाओं में लगने वाले खर्चों को पूरा करने में किया जाएगा।

मध्य प्रदेश सरकार द्वारा संचालित लाड़ली बहना योजना का उद्देश्य प्रदेश की महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। इस योजना के अंतर्गत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता राशि प्रदान की जाती है, जिससे वे अपने दैनिक जीवन की आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ-साथ बचत भी कर सकें। यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, परिवार के आर्थिक निर्णयों में भागीदारी बढ़ाने और उनके सामाजिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

महिलाओं के जीवन में आ रहा सकारात्मक बदलाव
श्रीमती चुनिया डोंगरे का मानना है कि इस योजना से उन्हें आर्थिक सुरक्षा का अहसास हुआ है और अब वे अपने परिवार के भविष्य के लिए बेहतर योजना बना पा रही हैं। उन्होंने बताया कि नियमित रूप से मिलने वाली राशि से बचत करने की आदत विकसित हुई है, जिससे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए आर्थिक व्यवस्था करना संभव हो पाया है।

लाड़ली बहना योजना ने ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया है। यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उन्हें बचत और वित्तीय प्रबंधन के प्रति जागरूक भी कर रही है। श्रीमती चुनिया डोंगरे जैसी महिलाएं इस योजना का लाभ लेकर न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं, बल्कि अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रही हैं।

 

Show More
Back to top button