A2Z सभी खबर सभी जिले की

कलेक्टर के सक्रिय प्रयासों से पांढुर्णा में शिक्षा व्यवस्था सशक्त, सीटों में ऐतिहासिक वृद्धि ,संदीपनि-उत्कृष्ट विद्यालयों का बेहतर समन्वय, विद्यार्थियों को मिलेगा व्यापक लाभ

कलेक्टर के सक्रिय प्रयासों से पांढुर्णा में शिक्षा व्यवस्था सशक्त, सीटों में ऐतिहासिक वृद्धि

संदीपनि-उत्कृष्ट विद्यालयों का बेहतर समन्वय, विद्यार्थियों को मिलेगा व्यापक लाभ

संवाददाता धनंजय जोशी, पांढुर्णा

जिला मुख्यालय पांढुर्णा में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने की दिशा में कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ द्वारा सराहनीय पहल की गई है। शासकीय विद्यालयों में प्रवेश के लिए पालकों की लगातार बढ़ती मांग को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर जिला पांढुर्णा ने दूरदर्शिता का परिचय देते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। शैक्षणिक सत्र 2026 में विद्यार्थियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सीटों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि तथा भवन व्यवस्था में व्यापक सुधार सुनिश्चित किया गया है।

8 अप्रैल 2026 को आयोजित बैठक के उपरांत कलेक्टर श्री वशिष्ठ के मार्गदर्शन में निम्नलिखित व्यवस्थाएं प्रभावी रूप से लागू की गई हैं-

हायर सेकेंडरी (कक्षा 11वीं एवं 12वीं) के लिए प्रमुख पहल

Related Articles

सीटों में वृद्धिः कलेक्टर श्री वशिष्ठ के निर्देशानुसार कक्षा 11 वीं एवं 12वीं में पूर्व स्वीकृत 240-240 सीटों के स्थान पर अब 320-320 सीटें निर्धारित की गई हैं, जिससे प्रति कक्षा 8 सेक्शन संचालित होंगे और अधिक विद्यार्थियों को प्रवेश का अवसर मिलेगा।

भवन व्यवस्थाः संदीपनि विद्यालय के नवीन भवन के 12 में से 10 कक्ष विज्ञान संकाय के लिए तथा पुराने उत्कृष्ट विद्यालय भवन के 8 कक्ष वाणिज्य एवं कला संकाय के लिए निर्धारित किए गए हैं। इस प्रकार कुल 20 कक्षों में सुव्यवस्थित रूप से कक्षाओं का संचालन किया जाएगा।

माध्यमिक एवं प्राथमिक स्तर पर प्रभावी व्यवस्था

प्रवेश प्रक्रियाः कलेक्टर श्री वशिष्ठ के स्पष्ट निर्देशों के तहत कक्षा 6वीं में रिक्त 32 सीटों एवं कक्षा 7वीं में रिक्त 19 सीटों पर शीघ्र प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण कराई जा रही है। कक्षा 9वीं में रिक्तियों की स्थिति पूरक परीक्षा परिणाम के बाद स्पष्ट होगी।

शालाओं का संविलियनः लोक शिक्षण संचालनालय के निर्देशों के अनुरूप, कलेक्टर श्री वशिष्ठ के नेतृत्व में संदीपनि विद्यालय में रिक्त 329 सीटों की पूर्ति के लिए शासकीय प्राथमिक शाला गांधी, रामचंद्र एवं इंदिरा पांढुर्णा का संदीपनि विद्यालय में संविलियन किया गया है। प्राथमिक कक्षाओं के संचालन के लिए 28 कक्षों की समुचित व्यवस्था की गई है।

अन्य महत्वपूर्ण निर्देश

कलेक्टर श्री वशिष्ठ द्वारा यह भी निर्देशित किया गया है कि पुराने उत्कृष्ट विद्यालय भवन में शेष बचे कक्षों का उपयोग शिक्षक प्रशिक्षण एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के लिए किया जाए। साथ ही, विकास खंड शिक्षा अधिकारी एवं संबंधित प्राचार्यों को इन व्यवस्थाओं को तत्काल प्रभाव से लागू करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कलेक्टर श्री वशिष्ठ की इस पहल से क्षेत्र के सैकड़ों विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा, जो अब तक सीमित सीटों के कारण प्रवेश से वंचित रह जाते थे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!