

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर/सुमेरपुर।सुमेरपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में सरकारी शिक्षक की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया गया कि सुरेन्द्र यादव (38) पुत्र कालका प्रसाद निवासी सिरड़ा, थाना सुमेरपुर शनिवार सुबह अपने गांव से सुमेरपुर ब्लॉक के गहतौली गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय पढ़ाने के लिए निकले थे। इसी दौरान भमौरा रेलवे क्रॉसिंग के पास क्रॉसिंग बंद होने पर वह रेलवे लाइन के किनारे खड़े होकर पेशाब कर रहे थे। तभी अचानक मालगाड़ी आ गई और पैर फिसल जाने के कारण वह ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
कुछ देर बाद स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक के किनारे उनका शव पड़ा देखा और इसकी सूचना परिजनों व पुलिस को दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए, जहां का दृश्य बेहद मार्मिक हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक अपने पीछे बूढ़े माता-पिता, पत्नी और चार छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। उनकी बड़ी बेटी दिव्यांशी (14), तेजस्विनी (13), मांसी (9) और सबसे छोटा बेटा आर्यन (4) है। मृतक के पिता कालका प्रसाद दूरसंचार विभाग में मंडल अभियंता के पद पर बांदा में तैनात रह चुके हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।