
समता_कॉलेज_पांढुर्णा में “अभिमन्यु सृजन एवं सम्मान” जागरूकता अभियान आयोजित, छात्र-छात्राओं को किया गया जागरूक
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार माह जनवरी 2026 से महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे “अभिमन्यु सृजन एवं सम्मान” जागरूकता अभियान के तहत जिले में निरंतर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक पांढुर्णा श्री सुन्दर सिंह कनेश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पांढुर्णा श्री नीरज सोनी के निर्देशन में प्रतिदिन सृजन सम्मान अभियान आयोजित किया जा रहा है।

इसी तारतम्य में आज थाना पांढुर्णा अंतर्गत समता कॉलेज पांढुर्णा में छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों को “अभिमन्यु सृजन एवं सम्मान विशेष अभियान” के अंतर्गत जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं के विरुद्ध हो रहे अपराधों तथा घरेलू हिंसा की रोकथाम कर उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। इस दौरान महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम, साइबर अपराधों से बचाव तथा यातायात नियमों के संबंध में विद्यार्थियों को विस्तार से जानकारी दी गई।

विद्यार्थियों को मुस्कान अभियान, साइबर अपराध, नशे के दुष्परिणाम, डायल-112, गुड टच-बैड टच, बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट, संविधान, कानून, ट्रैफिक नियमों और महिला सुरक्षा पर जागरूक किया गया। साइबर फ्रॉड से बचाव, नशा मुक्ति, महिलाओं का सम्मान, उनके अधिकारों और करियर मार्गदर्शन पर भी जानकारी दी गई। बालिकाओं और महिलाओं के लिए योजनाओं, हेल्पलाइन नंबर्स 1090, 112, 1098, 1930 की जानकारी साझा की गई।
इस जनजागरूकता कार्यक्रम में महिला प्रकोष्ठ प्रभारी निरीक्षक संध्यारानी सक्सेना, आरक्षक अखिलेश हिंग्वे (सायबर सेल), पुलिस स्टाफ, शिक्षकगण तथा लगभग 100 से 150 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को समाज में महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।