
*भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त जिला प्रभारी दीपांकर बैनर्जी का पांढुर्णा प्रवास*,*पार्टी के आगामी कार्यक्रमों को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश*
संवाददाता: धनंजय जोशी
जिला पांढुरना, मध्य प्रदेश
पांढुर्णा। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त जिला प्रभारी दीपांकर बैनर्जी ने शुक्रवार को एक दिवसीय पांढुर्णा-सौसर प्रवास के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों को गति प्रदान करते हुए विभिन्न बैठकों में भाग लिया और आगामी कार्यक्रमों के सफल क्रियान्वयन हेतु दिशा-निर्देश दिए।
*जांमसावली हनुमानजी के दर्शन से किया प्रवास का शुभारंभ*
प्रवास की शुरुआत श्री चमत्कारी जांमसावली हनुमानजी के मंदिर में दर्शन-पूजन से हुई। तत्पश्चात उन्होंने पूर्व राज्यमंत्री नाना भाऊ मोहोड के निवास पर सौजन्य भेंट की।
इसके बाद सौसर भाजपा कार्यालय में विधानसभा अंतर्गत मंडल पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक आयोजित की गई। श्री बैनर्जी ने सभी से परिचय प्राप्त कर संगठन के प्रति निष्ठा, अनुशासन और समन्वय का संदेश दिया। उन्होंने कहा,
“पार्टी सभी की है और सबके लिए चिंतित है। हमें सदैव पार्टी के मान, सम्मान और गौरव के लिए कार्य करना चाहिए, क्योंकि यह देशहित में कार्य करने वाला दल है।”

*जिला कार्यालय में विस्तृत संगठनात्मक बैठक*
पांढुर्णा स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आगमन पर कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया गया। यहां जिला पदाधिकारियों एवं कोर कमेटी की बैठक में प्रदेश नेतृत्व द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कह
“कार्यक्रम के लिए कार्यकर्ता होते हैं और कार्यक्रमों से ही विशिष्ट कार्यकर्ताओं का निर्माण होता है। सभी कार्यकर्ता अपने स्तर के अनुसार प्रवास का नियम बनाएं।”
कोर कमेटी की बैठक में संगठन सुदृढ़ीकरण को लेकर गोपनीय रणनीतिक चर्चा भी की गई।

*कार्यकर्ताओं को दिया प्रेरणादायी संदेश*
सामान्य समन्वय बैठक में श्री बैनर्जी ने कार्यकर्ताओं से सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा—
“दूसरों की लाइन काटने की बजाय अपनी लाइन बड़ी करने का प्रयास करें। पद के लालच में नहीं, बल्कि निःस्वार्थ भाव से कार्य करेंगे तभी सफलता मिलेगी।”
उन्होंने यह भी कहा कि कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समाधान जिला स्तर पर ही सुनिश्चित करने की कार्यशैली विकसित की जाए और पार्टी के कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाया जाए।

*पारिवारिक आयोजनों में भी हुए शामिल*
प्रवास के दौरान उन्होंने जिला उपाध्यक्ष प्रीतम राउत एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता श्यामराव ठाकरे के पारिवारिक समारोह में सहभागिता की तथा सामान्य कार्यकर्ता मोहन घोड़े के निवास पर भोजन कर आत्मीयता का परिचय दिया।
*नेतृत्व ने किया परिचय एवं स्वागत*
जिला अध्यक्ष संदीप मोहोड ने बैनर्जी का परिचय कराते हुए उनके परिवार के संघर्ष और संगठन के प्रति समर्पण को प्रेरणादायक बताया। पूर्व जिला अध्यक्ष वैशाली महाले ने भी उनके पारिवारिक पृष्ठभूमि एवं संघर्षों का उल्लेख किया।
इस अवसर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय समर्पण अभियान के अंतर्गत 2 लाख 50 हजार रुपये की राशि का चेक भी जिला कार्यालय में प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम का संचालन सोमेश्वर लोनकर ने किया तथा आभार प्रकाश छंगाणी ने व्यक्त किया।
बैठक में पूर्व मंत्री नाना भाऊ मोहोड, प्रदेश प्रवक्ता अजय धवले, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप घाटोडे, वैशाली महाले, सदन साहू, रामकृष्ण वाकोडे, माया राउत, उज्ज्वल सिंह चौहान, यादव राव ढोबले, दीपक कामडे, सीताराम कोरडे, जिला महामंत्री देवेंद्र गायकवाड़, अनिल कुमरे, मोरेश्वर मर्सकोले, राजेंद्र भक्ते सहित जिला एवं मंडल स्तर के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।