
डिण्डौरी 17 फरवरी 2026डिंडौरी सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन अंतर्गत संचालित आत्मा परियोजना डिंडौरी के तहत राज्य के अंदर कृषक भ्रमण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले की महिला कृषकों एवं आजीविका स्व सहायता समूह की महिलाओं को तीन दिवसीय उन्नत मधुमक्खी पालन प्रशिक्षण के लिए आज कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन कृषि विज्ञान केंद्र में किया जा रहा है।
कृषक कल्याण वर्ष 2026 एवं प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के अंतर्गत जिले में मधुमक्खी पालन एवं शहद उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नवीन समूहों का गठन किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य कृषकों की आय में वृद्धि हेतु वैकल्पिक एवं स्थायी आजीविका के अवसर सृजित करना है।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिव्यांशु चौधरी तथा जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते द्वारा बस को हरी झंडी दिखाकर प्रशिक्षण दल को रवाना किया गया। अधिकारियों ने महिला कृषकों को प्रशिक्षण का अधिकतम लाभ लेने एवं जिले में मधुमक्खी पालन को स्वरोजगार के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर परियोजना संचालक आत्मा डॉ. नेहा धूरिया, उप परियोजना संचालक सह अनुविभागीय कृषि अधिकारी श्रीमती रूचि टेकाम, बस प्रभारी अधिकारी बीटीएम अशोक कोरी तथा संतोष कुमार उईके सहित समस्त विकासखंडों की स्व सहायता समूह की कृषक दीदियां उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से जिले में मधुमक्खी पालन आधारित उद्यमिता को नई दिशा मिलने की अपेक्षा व्यक्त की गई है।