
*पांढुर्णा की सुरक्षा पर बड़ा मंथन: तेली समाज ने सांसद के समक्ष उठाया बाईपास और ओवरब्रिज का मुद्दा, मिला ठोस आश्वासन*
रिपोर्टर धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
*सांसद विवेक बंटी साहू से मिला प्रतिनिधिमंडल*
पांढुर्णा। जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं और यातायात व्यवस्था को लेकर तेली समाज संगठन पांढुर्णा ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सांसद श्री विवेक ‘बंटी’ साहू से उनके कार्यालय में भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने संगठन अध्यक्ष श्री भूषण केवटे के नेतृत्व में सांसद महोदय से मुलाकात कर जनसुरक्षा और क्षेत्रीय विकास से जुड़े अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
भेंट के दौरान सर्वप्रथम प्रतिनिधिमंडल द्वारा सांसद श्री साहू का पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया गया। इसके बाद बैठक का मुख्य विषय पांढुर्णा क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने को लेकर रहा।
*भारी वाहनों के लिए बाईपास की उठी मजबूत मांग*
प्रतिनिधिमंडल ने सांसद के समक्ष मोरडोंगरी-अमरावती बाईपास की मांग प्रमुखता से रखी। समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में भारी वाहनों का दबाव मुख्य मार्गों और शहर के अंदरूनी हिस्सों में लगातार बढ़ रहा है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। यदि बाईपास का निर्माण होता है तो भारी वाहनों का आवागमन शहर से बाहर हो सकेगा और आम नागरिकों को राहत मिलेगी।

*घनपेठ, मोरडोंगरी और देवखापा टी-पॉइंट पर ओवरब्रिज की जरूरत*
प्रतिनिधिमंडल ने घनपेठ, मोरडोंगरी और देवखापा टी-पॉइंट जैसे दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग भी जोरदार ढंग से उठाई। प्रतिनिधियों ने बताया कि इन स्थानों पर यातायात का दबाव अत्यधिक रहता है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। ओवरब्रिज बनने से यातायात व्यवस्थित होगा और दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
*भूली जलाशय का मुद्दा भी रखा गया*
बैठक में भूली जलाशय से संबंधित विषय को भी गंभीरता से रखा गया। प्रतिनिधिमंडल ने जलाशय के विकास एवं मजबूतीकरण की आवश्यकता बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र की जल सुरक्षा और कृषि उपयोग के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
*सांसद विवेक बंटी साहू ने दिया भरोसा*
सांसद श्री विवेक ‘बंटी’ साहू ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि जनसुरक्षा से जुड़े मुद्दे प्राथमिकता में हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे इन मांगों को लेकर उच्च अधिकारियों से तत्काल चर्चा करेंगे और आवश्यक प्रक्रिया प्रारंभ कराकर इन्हें शीघ्र पूर्ण कराने का प्रयास करेंगे।
*इनकी रही प्रमुख उपस्थिति*
इस महत्वपूर्ण बैठक में संगठन के अनेक पदाधिकारी व समाजजन उपस्थित रहे। जिनमें प्रमुख रूप से
संरक्षक श्री सुनील घाटोडे, सचिव श्री योगिराज वानोडे, अशोक घाटोडे, शांताराम केवटे, मदन साहू, राजू रेवतकर, विष्णु लेंडे, राहुल मदनकर, महेश साहू, शंकरराव भद्रे, रविंद्र बावनकर, रामेश्वर खोड़े, नरेश वघाले, मनोज घोड़े, मनीष मेटांगले, संजय रेवतकर, अनिल ठोम्बरे, पुरुषोत्तम वघाले, नारायण लेंडे एवं लेखराज बालपांडे विशेष रूप से शामिल रहे।
*जनहित में सकारात्मक पहल*
तेली समाज संगठन द्वारा उठाए गए ये मुद्दे न केवल समाज बल्कि पूरे पांढुर्णा क्षेत्र की जनसुरक्षा, यातायात सुधार और विकास से सीधे जुड़े हैं। सांसद द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद अब नागरिकों को उम्मीद है कि जल्द ही इन परियोजनाओं पर ठोस कार्रवाई होगी और पांढुर्णा क्षेत्र को दुर्घटनाओं से राहत मिल सकेगी।