

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा (हमीरपुर)। कस्बे के बांकी तलैया मोहल्ला में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 62 वर्षीय बुजुर्ग की कच्ची दीवार गिरने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिले धन से अपने कच्चे मकान की मरम्मत का कार्य कर रहे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इकबाल हुसैन (62) पुत्र मोहम्मद शहजाद, निवासी बांकी तलैया, को हाल ही में प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रथम किस्त मिली थी। शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे वह अपने रिहायशी मकान की जर्जर कच्ची दीवार गिरा रहे थे। इसी दौरान दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी और वह मलबे के नीचे दब गए।
घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला। परिजन व स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मौदहा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिवार में दो पुत्र व तीन विवाहित पुत्रियां हैं। परिजनों के अनुसार परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है और आजीविका का मुख्य साधन मजदूरी व खेती था। हादसे के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
परिजनों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है। स्थानीय प्रशासन ने मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।