A2Z सभी खबर सभी जिले कीउत्तर प्रदेशहमीरपुर

हमीरपुर:कलश यात्रा व शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, बुंदेलखंडी दिवारी रही आकर्षण का केंद्र

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट

मौदहा (हमीरपुर)।मौदहा कस्बे के बड़ी देवी मंदिर प्रांगण में 26वें विशाल सतचंडी महायज्ञ एवं श्रीमद् भागवत कथा का भव्य शुभारंभ मंगलवार को श्रद्धा और उल्लास के वातावरण में विशाल कलश यात्रा एवं शोभायात्रा के साथ किया गया। सुबह बड़ी देवी मंदिर से निकली कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाओं ने पीले वस्त्र धारण कर सिर पर कलश रखा और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए भ्रमण किया। जयघोष, भक्ति गीतों और आकर्षक झांकियों से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा।

Related Articles

कलश यात्रा नगर भ्रमण के उपरांत पुनः बड़ी देवी मंदिर प्रांगण पहुंची, जहां विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन किया गया। शोभायात्रा में देवी-देवताओं की मनमोहक झांकियों के साथ बुंदेलखंड की प्रसिद्ध लोकनृत्य शैली दिवारी ने विशेष रूप से श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।

26वें विशाल सतचंडी महायज्ञ व श्रीमद् भागवत कथा का भव्य शुभारंभ

आयोजन के अंतर्गत वृंदावन से पधारे सुप्रसिद्ध भागवत आचार्य पंडित सर्वेश द्विवेदी द्वारा 28 जनवरी से 5 फरवरी तक श्रीमद् भागवत कथा का भावपूर्ण रसपान कराया जाएगा। वहीं 1 फरवरी से 5 फरवरी तक तुलाधार महाराज द्वारा रामकथा का आयोजन प्रस्तावित है।

इसके अतिरिक्त 30 जनवरी से 2 फरवरी तक रात्रि जागरण एवं झांकियों का कार्यक्रम तथा 4 फरवरी से 8 फरवरी तक प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से रामलीला का मंचन किया जाएगा। महायज्ञ एवं समस्त धार्मिक अनुष्ठानों का समापन 6 फरवरी को दोपहर 12 बजे विशाल भंडारे के साथ होगा।

 

आयोजन को लेकर क्षेत्र में श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है, वहीं समिति द्वारा व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है

Show More
Back to top button