
विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन में मातृभाषा उन्नयन संस्थान व डॉ. कुँअर बेचैन स्मृति न्यास (ऑस्ट्रेलिया) के संयुक्त तत्वावधान में काव्यदीप सम्मान
रिपोर्टर : दिलीप कुमरावत Mob.No.9189977597
मनावर। (जिला धार) धार जिले की मनावर तहसील के ग्राम सिंघाना के युवा कवि पंकज राठौर “प्रखर” को हिंदी काव्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान हेतु काव्यदीप सम्मान से सम्मानित किया गया है।
यह सम्मान उन्हें काव्य कुँअर 2025 व काव्यदीप सम्मान समारोह में प्रदान किया गया, जो विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन में मातृभाषा उन्नयन संस्थान व डॉ. कुँअर बेचैन स्मृति न्यास (ऑस्ट्रेलिया) के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
यह सम्मान उन युवा कवियों को दिया जाता है, जो जनभावनाओं को स्वर देते हुए साहित्यिक नवचेतना का संचार कर रहे हैं।
कवि पंकज राठौर “प्रखर” की रचनाधर्मिता में वीर रस, लोकसंवेदना, समसामयिक यथार्थ और काव्यात्मक सरलता का समुचित समावेश देखा गया है।
उनका चयन प्रदेश स्तर पर हुई प्रक्रिया के अंतर्गत हुआ, जो ग्रामवासियों के लिए अत्यंत गर्व की बात है।
कार्यक्रम में कुलगुरु प्रो. अर्पण भारद्वाज, कुलानुशासक डॉ. शैलेन्द्र कुमार शर्मा, तथा वरिष्ठ साहित्यकारों की उपस्थिति रही।
मंच से कवि पंकज राठौर “प्रखर” के काव्यपाठ को भी भरपूर सराहना प्राप्त हुई।
क्षेत्र के साहित्य एवं संस्कृति प्रेमियों, शिक्षा संस्थानों, युवा साहित्यकारों व कवि पंकज राठौर “प्रखर” के परिजनों द्वारा इस उपलब्धि पर हार्दिक प्रसन्नता व्यक्त की गई है।
यह सम्मान न केवल राठौर की साहित्यिक साधना का सम्मान है, बल्कि यह ग्राम सिंघाना की सांस्कृतिक पहचान को भी नई प्रतिष्ठा प्रदान करता है।
कवि पंकज 10 साल से साहित्य साधना में जुड़े हुए हैं और कई बड़े मंचों पर कविता पाठ कर चुके हैं।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर मनावर तहसील के साहित्यकारों, पत्रकारों ने बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।