
कोटपूतली-बहरोड़ जिले में साइबर सेल और 15 थानों की 25+ टीमों के 100 से अधिक पुलिसकर्मियों ने एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई में कम्बोडिया से संचालित चाइनीज साइबर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस गिरोह ने डिजिटल अरेस्ट, फेक वेबसाइट और इन्वेस्टमेंट फ्रॉड के जरिये भारतीय नागरिकों से हजारों करोड़ की ठगी की है।
गिरोह द्वारा टेलीग्राम/व्हाट्सएप्प/फेसबुक/इन्स्टाग्राम ऐड के माध्यम से शेयर मार्किट के नाम पर असली एप्प से मिलते जुलते फेक ट्रेडिंग एप्प और वेबसाइट बनाकर व्हाट्सएप्प/टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर ठगी की जाती थी। इसके अलावा, कम्बोडिया स्थित फर्जी कॉल सेंटरों से खुद को सीबीआई, पुलिस, ईडी, कस्टम अधिकारी आदि बताकर भारतीयों को डिजिटल अरेस्ट कर निशाना बनाया जाता था।

इस मामले में सुरेश सेन निवासी रामनगर (बानसूर) को गिरफ्तार किया गया है, जो चाईनीज कंपनियों का मुख्य दलाल है। गिरोह द्वारा अब तक सैकड़ों युवकों को कम्बोडिया भेजा गया है, जिनमें अकेले बानसूर क्षेत्र से 50 से अधिक युवक शामिल हैं।
अब तक 15 संदिग्धों से पूछताछ की गई है और 25 संदिग्ध धारा 170 BNSS में गिरफ्तार किए गए हैं। विदेश भेजे गए युवकों की पहचान व संपर्क प्रक्रिया जारी है, और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क व आर्थिक लेन-देन की गहन जांच जारी है।