
‘वाराणसी से रिपोर्ट
“श्याम सुन्दर जायसवाल”
काशी में दर्शन दलाली पर सख्त कार्रवाई: सात दलाल गिरफ्तार, सुविधा दिलाने के नाम पर वसूली करते थे
—————————————————————–
वाराणसी- प्राप्त जानकारी के अनुसार कमिश्नरेट की दशाश्वमेध थाने की पुलिस ने काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के नाम पर अवैध वसूली करने वाले सात दलालों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की। आरोप है कि ये दलाल भक्तों से रुपये लेते हुए कहते थे कि पैसा दीजिए, आपको अच्छी तरह दर्शन करा देंगे और हर सुविधा उपलब्ध करा दी जाएगी।दशाश्वमेध पुलिस द्वारा लगातार दूसरे दिन यह बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने इलाके में सघन चेकिंग अभियान चलाया और मंदिर परिसर व आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी निगरानी रखी। इसी दौरान दलालों की गतिविधियां पकड़ी गईं और मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।
एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि इससे पूर्व भी कई दलालों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का अभियान लगातार जारी है ताकि किसी भी भक्त को किसी तरह की परेशानियों या धोखाधड़ी का सामना न करना पड़े।
दशाश्वमेध थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपी 22 वर्ष से 45 वर्ष की उम्र के हैं और अलग-अलग क्षेत्रों के रहने वाले हैं। पुलिस इनके विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।