A2Z सभी खबर सभी जिले की

‎रात्रि 10 बजे के बाद किसी भी प्रकार से लाउडस्पीकर का उपयोग वर्जित 

‎सभी दिशा-निर्देशों का पालन कर पर्व को बनाएं शांति, सुरक्षा और सौहार्द का प्रतीक

‎रात्रि 10 बजे के बाद किसी भी प्रकार से लाउडस्पीकर का उपयोग वर्जित

‎जहानाबाद/रणजीत कुमार। दुर्गा पूजा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी, एसडीओ, एसडीएम सहित अन्य वरीय पदाधिकारी ठाकुरबाड़ी पहुंचे, जहां उन्होंने दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों से मुलाकात कर पूजा की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पूजा समिति से विस्तृत बातचीत की और कई दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा जिले का महत्वपूर्ण पर्व है, जिसमें शांति और सद्भाव का माहौल बनाए रखना प्रशासन और समाज, दोनों की जिम्मेदारी है।

‎जिलाधिकारी ने समिति को निर्देश दिया कि पूजा पंडालों में पर्याप्त सुरक्षा इंतज़ाम किए जाएं। इसके तहत सभी प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, बैरिकेडिंग करने और महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग दर्शन लाइन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही भीड़ नियंत्रण के लिए ऐरो मार्किंग और प्रवेश-निकास व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने का निर्देश दिया गया। मूर्ति विसर्जन को लेकर भी अधिकारियों ने पूजा समिति से विस्तार से चर्चा की। विसर्जन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए रूट मैप तैयार करने और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती पर जोर दिया गया। मेला लगाने को लेकर प्रशासन ने स्थल को चिन्हित किया और समिति से कहा कि यातायात व आमजन की सुविधा को देखते हुए ही आयोजन किया जाए।

Related Articles

‎प्रशासन ने पूजा समिति को स्पष्ट निर्देश दिया कि रात्रि 10 बजे के बाद किसी भी प्रकार से लाउडस्पीकर का उपयोग नहीं किया जाएगा। साथ ही आसपास के लोगों से भी शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि पर्व का आनंद तभी है जब समाज में सौहार्द और भाईचारा कायम रहे। अधिकारियों ने समिति को भरोसा दिलाया कि किसी भी प्रकार की समस्या आने पर वे तुरंत प्रशासन से संपर्क कर सकते हैं। हर आवश्यक मदद समय पर उपलब्ध कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने मूर्ति निर्माण स्थलों का भी निरीक्षण किया और कारीगरों से बातचीत कर दिशा-निर्देश दिए।

‎दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस प्रशासन भी सतर्क है। जिले के विभिन्न प्रखंडों में सुरक्षा की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। गश्ती दल, मजिस्ट्रेटों की तैनाती और एंटी-रायट टीम की व्यवस्था भी की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि इस बार का दुर्गा पूजा पूर्ण शांति, उल्लास और सुरक्षित माहौल में संपन्न होगा। निरीक्षण और दिशा-निर्देशों के बाद लोगों में विश्वास जागा है कि प्रशासन हर कदम पर उनके साथ है। प्रशासन ने दुर्गा पूजा समिति से अपील की है कि वे सभी दिशा-निर्देशों का पालन कर इस पर्व को शांति, सुरक्षा और सौहार्द का प्रतीक बनाएं।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!