
।
अलीगढ़ न्यूज
महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण के लिए संचालित मिशन शक्ति फेज-5.0 अभियान के अंतर्गत बुधवार को कलैक्ट्रेट सभागार में एक दिन की जिलाधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी थीम पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर शांति निकेतन वर्ल्ड स्कूल की कक्षा 12 की छात्रा गार्गी को एक दिन की जिलाधिकारी और नेशनल पब्लिक इंटर कॉलेज की कक्षा 11 की छात्रा साधना को एक दिन की जिला प्रोबेशन अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम के दौरान दोनों छात्राओं ने अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं उनके क्रियान्वयन की जानकारी ली। एक दिन की डीएम गार्गी ने बालिकाओं की सुरक्षा और शिक्षा से संबंधित विषयों पर अधिकारियों से चर्चा की, वहीं एक दिन की डीपीओ साधना ने महिला सुरक्षा, जागरूकता और स्वावलंबन पर अपने विचार रखे।
जिलाधिकारी संजीव रंजन ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य बालिकाओं को सशक्त बनाना और उनमें नेतृत्व की भावना विकसित करना है। प्रशासनिक कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का यह अवसर उन्हें आत्मविश्वासी और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करेगा।
जिला प्रोबेशन अधिकारी अजित कुमार ने कहा कि यह पहल बालिकाओं में प्रशासनिक सेवा के प्रति रुचि बढ़ाने और उन्हें अपने सपनों को साकार करने की दिशा में अग्रसर करने का माध्यम है। मिशन शक्ति अभियान का हर चरण महिलाओं के आत्मनिर्भर भारत की ओर कदम है। इस अवसर पर महिला शक्ति केंद्र, बाल संरक्षण इकाई, महिला कल्याण विभाग के अधिकारी एवं विभिन्न विद्यालयों की छात्राएँ भी उपस्थित रहीं।