
दुर्गापूजा में अप्रिय घटना को रोकने हेतू हर स्तर पर पुख्ता इंतजाम
जिले में चिन्हित 172 जगह, जहां विशेष रूप से सुरक्षा बल तैनात
संवाददाता/रणजीत कुमार/जहानाबाद। जिले में में दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारी कर ली है। जिसे लेकर जिला निबंध कार्यालय में डीएम अलंकृता पांडेय और एसपी विनीत कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में पूजा समितियों, दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूजा मेला, मूर्ति विसर्जन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई। डीएम अलंकृता पांडेय ने साफ कहा कि इस बार दुर्गा पूजा में डीजे पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य होगा। पूजा समितियों को विधिवत लाइसेंस लेना होगा और इसके लिए सदस्यों के आधार कार्ड के साथ आवेदन करना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए हर स्तर पर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिले में 172 जगह चिन्हित किए गए हैं, जहां विशेष रूप से सुरक्षा बल तैनात रहेंगे। सभी पंडालों पर सीसीटीवी के अलावा ड्रोन कैमरों से भी निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भी खास नजर रखी जाएगी और अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहले से ही निरोधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। इससे संभावित उपद्रवियों को पहले ही नियंत्रण में रखा जा सकेगा। बैठक में एसडीओ राजीव कुमार सिन्हा, एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी, घोसी एसडीपीओ संजीव कुमार सहित अन्य वरीय पदाधिकारी शामिल रहे।