

रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597

मनावर। जिला धार।।शक्ति की भक्ति का महापर्व शारदीय नवरात्र 22 सितंबर सोमवार से आरंभ हो गया। मातारानी के मंदिरों में शुभ मुहूर्त में घटस्थापना की गई। इस वर्ष दस दिवसीय नवरात्र हैं। नौ साल बाद होगी मातारानी की दस दिनों तक आराधना। भक्त माता की वंदना के लिए मंदिरों में भारी तादाद में जुटेंगे। सच्ची श्रद्धा से शक्ति की भक्ति होगी। माता के आंगन में आस्था का उजास फैलेगा। श्रद्धालु जन श्रद्धा के पुष्प देवी के चरणों में अर्पित कर शीश नवाएंगे। सिंघाना रोड पर अति प्राचीन श्री मंगला देवी मंदिर, श्री चामुंडा देवी मंदिर और नाला प्रांगण में स्वर्णकार समाज का दुर्गा माता मंदिर स्थित है। जागेश्वर मंदिर में संतोषी माता और थानेश्वर महादेव मंदिर में मां अन्नपूर्णा देवी विराजित है। पटेल कालोनी में मां गायत्री का मंदिर है। यहां शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में नौ दिवसीय कार्यक्रम होंगे। मानता गणेश मंदिर में मान नदी के तट पर सात मात्रा देवी और जूनी मनावर में शीतला माता विराजित है। समीपस्थ ग्राम सिंघाना में मां हरसिद्धि का प्राचीन मंदिर है। जहां भारी संख्या में नगर से दर्शनार्थी पहुंचकर पूजा अर्चना करते है। श्री श्री 1008 संत श्री गजानंद जी महाराज की तपोभूमि बालीपुर धाम आस्था का केंद्र है। यहां योगेश जी महाराज, सुधाकर जी महाराज के सानिध्य में नित्य देवी अनुष्ठान होगे। समीप बाकानेर में सात मात्रा देवी और चौसठ योगिनी मंदिर है। जहां भारी तादाद में भक्त पहुंचते है। जगह जगह बंगाली शैली से निर्मित विशाल प्रतिमा की स्थापना की गई। नगर में गरबा पंडाल सज गए जहां शाम 8 बजे से रात 12 बजे तक आकर्षक गरबा नृत्य, नृत्य नाटिका का मंचन होगा। भक्तिभाव से श्रद्धालुओं द्वारा आराधना की जाएगी। महाआरती जगराता और महाप्रसादी का वितरण होगा। 01 अक्टूबर 2025 को नवमी तिथि तथा 02 अक्टूबर 2025 गुरुवार को विजयादशमी के उत्सव के साथ नवरात्रि का पर्व संपन्न होगा। इस वर्ष श्राद्ध पक्ष में एक दिन कम होने से नवरात्रि पर्व दस दिवसीय है। भारत में अनेक त्यौहार मनाए जाते है और हर त्यौहार की एक महान एतिहासिक पृष्ठभूमि होती है। इन्हीं त्यौहारो मे से एक नवरात्रि का त्यौहार है। यह मुख्यत: हिन्दू त्यौहार है जो देवी शक्ति दुर्गा और उनके नौ रूपो को समर्पित होता है।

नवरात्र का अर्थ नवरात्र के दौरान शक्ति देवी के नौ रूपों की पूजा की जाती है। ‘रात्रि’ शब्द सिद्धि का प्रतीक है। दसवाँ दिन दशहरा मनाया जाता है। खासकर अश्विन मास में आने वाला नवरात्र शारदीय नवरात्र कहलाता है। भक्त माँ दुर्गा के नौ स्वरूपों की उपासना करेंगे और व्रत-पूजन, यज्ञ, भजन, साधना एवं संयम के माध्यम से शक्ति का आह्वान करेंगे। नवरात्र वर्ष में चार बार आती है। माह पौष, चैत्र, आषाढ और अश्विन। यह प्रतिपदा से नवमी तक मनाया जाता है। नवरात्र में लोग अपनी आध्यात्मिक और मानसिक शक्ति के संचय के लिए अनेक प्रकार के व्रत, संयम, नियम, यज्ञ, भजन, पूजन, योग-साधना आदि करते हैं। यह पर्व अश्विन मास की प्रतिपदा से नवमी तक मनाया जाता है। नवरात्रि के नौ रातों में तीन देवियों महालक्ष्मी, महासरस्वती और दुर्गा के नौ स्वरुपों की पूजा होती है जिन्हें नवदुर्गा कहते हैं। शक्ति की उपासना का पर्व शारदीय नवरात्र प्रतिपदा से नवमी तक निश्चित नौ तिथि, नौ नक्षत्र, नौ शक्तियों की नवधा भक्ति के साथ सनातन काल से मनाया जा रहा है।

शारदीय नवरात्र पूरे देश में धूमधाम से मनाया जाता हैं। नवरात्र में मां दुर्गा के नौ रुपों की पूजा की जाती है। शरद ऋतु की शुरुआत जलवायु और सूरज के प्रभावों का महत्वपूर्ण संगम माना जाता है। यह समय मां दुर्गा की पूजा के लिए पवित्र अवसर माना जाता है।

नवरात्र के पहले तीन तिथि देवी दुर्गा की पूजा करने के लिए समर्पित किए गए हैं। यह पूजा माँ दुर्गा ऊर्जा व शक्ति के लिए की जाती है। प्रत्येक दिन दुर्गा के एक अलग रूप को समर्पित है। त्योहार के पहले दिन पड़वा को बालिकाओं की पूजा की जाती है। दूज को युवती की पूजा की जाती है। तीज को जो महिला परिपक्वता के चरण में पहुंच गयी है उसकी पूजा की जाती है।

नवरात्र के चतुर्थी से छठ तक व्यक्ति सभी भौतिकवादी, आध्यात्मिक धन और समृद्धि प्राप्त करने के लिए देवी लक्ष्मी की पूजा करता है। नवरात्रि के चतुर्थी, पंचमी, छठ के दिन लक्ष्मी – समृद्धि और शांति की देवी, की पूजा करने के लिए समर्पित है।

नवरात्र के सप्तमी के दिन कला और ज्ञान की देवी, सरस्वती, की पूजा की है। अष्टमी के दिन पर एक यज्ञ किया जाता है।
नवरात्र की नवमी का दिन नवरात्र समारोह का अंतिम दिन है। यह महानवमी के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन कन्या पूजन और कन्या भोज होता है। पर्व का समापन विजयदशमी के दिन होता है। इस दिन माताजी की पार्थिव प्रतिमा, ज्वारे का विसर्जन किया जाता है। बुराई के प्रतीक रावण का दहन होगा।