
कोटपूतली-बहरोड़ के उपखण्ड नारायणपुर की ग्राम पंचायत चांदपुरी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में जयसिंह यादव के परिवार को पालनहार योजना का लाभ मिला। जयसिंह यादव के पुत्र सन्नू यादव व सुमित यादव को वार्षिक सत्यापन नहीं होने के कारण गत तीन महीने से योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा था, लेकिन शिविर में मौके पर ही वार्षिक सत्यापन किया गया और स्वीकृति जारी की गई।

उपखंड अधिकारी दिनेश शर्मा, नायब तहसीलदार अनिरूद्ध, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी संसार सागर और विधायक बानसूर देवीसिंह शेखावत की मौजूदगी में यह कार्यवाही हुई। प्रशासन की तत्परता से जयसिंह यादव भावुक हो उठे और आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पहले उन्हें लगता था कि योजनाओं का लाभ लेना बहुत कठिन है, लेकिन आज उपखण्ड प्रशासन और राजस्थान सरकार ने जो उन्हें मौके पर ही लाभ देकर राहत दी है, उसके लिए वे आभारी हैं।