आधुनिक वकालत के गुर सीखकर दक्ष अधिवक्ता बनेंगे कोएर विश्वविद्यालय के विधि छात्र
रुड़की। कोएर विश्वविद्यालय (COER University) के कॉलेज ऑफ लीगल स्टडीज की ओर से ‘मास्टरिंग द आर्ट ऑफ मॉडर्न एडवोकेसी’ विषय पर आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का शुक्रवार को समापन हो गया। 16 से 20 नवंबर तक आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य विधि के विद्यार्थियों को आधुनिक वकालत की बारीकियों, न्यायिक प्रक्रिया और व्यावहारिक कानूनी कौशल से रूबरू कराना रहा।
प्रशिक्षण सत्र में न्यायिक एवं कानूनी क्षेत्र के अनुभवी विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। इनमें लखनऊ हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता निरंकार सिंह, हरिद्वार जिला एवं सत्र न्यायालय के जितेश चंद्र तिवारी, अधिवक्ता एवं अकादमिक शोधकर्ता सृष्टि तिवारी, वरिष्ठ आपराधिक अधिवक्ता समीर गुप्ता तथा उत्तराखंड हाईकोर्ट के स्टेट लॉ ऑफिसर दीपक भारद्वाज शामिल रहे।विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को आधुनिक वकालत की चुनौतियों, न्यायालय की कार्यप्रणाली, प्रभावशाली ढंग से पक्ष रखने की कला, प्रभावी बहस और कानूनी शोध के महत्व की विस्तृत जानकारी दी। संवादात्मक सत्रों के दौरान विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से सीधे सवाल-जवाब कर अपनी कानूनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।
इस अवसर पर कॉलेज ऑफ लीगल स्टडीज के डीन प्रो. डॉ. जे.एन. सिंह ने सभी अतिथि वक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विधि शिक्षा में किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी बेहद जरूरी है। इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और पेशेवर दक्षता को बढ़ाने के साथ उन्हें भविष्य में एक सफल अधिवक्ता बनने के लिए तैयार करती हैं।
कार्यशाला का समन्वय कॉलेज की असिस्टेंट प्रोफेसर आकांक्षा शर्मा ने किया। समापन अवसर पर उन्होंने अतिथि वक्ताओं, डीन, संकाय सदस्यों और सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
