हमीरपुर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत मतदाताओं को जागरूक करने तथा मतदान प्रक्रिया से परिचित कराने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में आज जनपद में ईवीएम प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अशोक कुमार के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर हमीरपुर सहित जनपद की सभी तहसीलों हमीरपुर, मौदहा, राठ एवं सरीला में ईवीएम प्रदर्शन एवं प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए गए हैं।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राकेश कुमार एवं संबंधित उप जिलाधिकारियों द्वारा ईवीएम पर मॉकपोल प्रक्रिया का अवलोकन किया गया। इस दौरान उपस्थित नागरिकों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली, मतदान की प्रक्रिया तथा वीवीपैट पर्ची के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधि श्री वीरेन्द्र कुमार एवं समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधि श्री विवेक कुमार यादव सहित अन्य नागरिक उपस्थित रहे। नागरिकों ने स्वयं ईवीएम पर मॉकपोल कर मतदान करने तथा वीवीपैट पर्ची के माध्यम से अपने मत की पुष्टि करने की प्रक्रिया को समझा।
यह प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम 20 नवंबर, 2026 से विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की अधिसूचना जारी होने तक निरंतर संचालित किया जाएगा। इस अवधि में आम नागरिक संबंधित प्रदर्शन केंद्रों पर पहुंचकर ईवीएम एवं वीवीपैट का स्वयं संचालन कर सकेंगे तथा मतदान प्रक्रिया से जुड़ी अपनी जिज्ञासाओं एवं शंकाओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे।
जिला प्रशासन ने जनपद के समस्त नागरिकों एवं मतदाताओं से अपील की है कि वे इस जागरूकता कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता करते हुए कलेक्ट्रेट परिसर अथवा अपनी संबंधित तहसील में स्थापित ईवीएम प्रदर्शन केंद्र पर पहुंचें और ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली को समझें, ताकि आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन में अधिक से अधिक जागरूकता एवं विश्वास के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
