हमीरपुर। जनपद में सभी परिवारों को समान एवं पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अवैध टुल्लू पंपों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान का सकारात्मक असर दिखाई देने लगा है। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) श्री विजय सिंह ने आज विकासखंड मुस्करा के ग्राम गहरौली का पुनः स्थलीय निरीक्षण कर पेयजल आपूर्ति की स्थिति का जायजा लिया तथा ग्रामीणों से संवाद कर अभियान के प्रभाव की जानकारी प्राप्त की।
उल्लेखनीय है कि विगत 16 नवंबर को ग्राम गहरौली में निरीक्षण के दौरान पेयजल पाइपलाइन में अवैध रूप से लगाए गए 13 टुल्लू पंप जब्त किए गए थे। ग्रामीणों ने बताया कि टुल्लू पंप हटाए जाने के बाद पेयजल आपूर्ति में काफी सुधार हुआ है तथा अब गांव के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में स्थित घरों तक भी नियमित एवं पर्याप्त पानी पहुंच रहा है। ग्रामीणों ने इस कार्रवाई की सराहना करते हुए बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से नलों में पर्याप्त स्वच्छ पानी मिल रहा है।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य गांव के अंतिम छोर एवं ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रहने वाले प्रत्येक परिवार तक समान रूप से पेयजल पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से पेयजल पाइपलाइन में टुल्लू पंप का प्रयोग न करने तथा दूसरों को भी ऐसा करने से रोकने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यापक जनहित में इस अभियान को निरंतर जारी रखा जाएगा।
निरीक्षण के दौरान कई घरों के बाहर लगे नलों में टोटी न होने से पानी व्यर्थ बहता पाया गया। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने संबंधित लोगों को तत्काल टोटी लगवाने और पेयजल की बर्बादी रोकने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि पेयजल लाइन में टुल्लू पंप का प्रयोग करते पाए जाने अथवा जलापूर्ति बाधित करने वालों के विरुद्ध पंप जब्तीकरण के साथ कठोर वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत सचिव, स्थानीय पुलिस बल तथा जल जीवन मिशन की कार्यकारी संस्था के कर्मचारी उपस्थित रहे।
