हमीरपुर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती अनीता गुप्ता की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में महिला जनसुनवाई एवं महिला चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अलका शुक्ला, डिप्टी कलेक्टर श्री पैगाम हैदर, जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री राजीव सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री इंद्रपाल सिंह तथा क्षेत्राधिकारी सदर हमीरपुर सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
महिला जनसुनवाई के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आई पीड़ित महिलाओं ने आयोग की सदस्य के समक्ष उपस्थित होकर अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से अवगत कराया। सदस्य द्वारा कुल 15 शिकायती प्रार्थना पत्रों पर संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए शिविरों का निरीक्षण भी किया गया। शिविरों के माध्यम से मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के 06 तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के 05 आवेदन पत्र प्राप्त हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना रहा।
