हमीरपुर। संविधान संवाद कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को इस्लामिया इंटर कॉलेज, हमीरपुर में “एक स्वर, एक संविधान” विषय पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम माननीय जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष राम प्यारे के निर्देशन तथा प्राधिकरण की सचिव वंदना अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में सिविल जज (सीनियर डिवीजन) व सचिव वंदना अग्रवाल तथा सिविल जज (जूनियर डिवीजन)/CAW अंकित पाल उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य सरवर आलम खान ने न्यायिक अधिकारियों को गुलदस्ता भेंटकर स्वागत किया।
सचिव वंदना अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों की जानकारी देते हुए मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के महत्व को समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने के साथ जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
वहीं, सिविल जज अंकित पाल ने संविधान की विशेषताओं और संवैधानिक मूल्यों को दैनिक जीवन से जुड़े उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान में निहित आदर्शों को अपने व्यवहार और आचरण में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन रहा, जिसमें न्यायिक अधिकारियों, प्रधानाचार्य, शिक्षकगण और विद्यार्थियों ने एक स्वर में प्रस्तावना पढ़कर संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस दौरान PLV पवन तिवारी एवं हुमैरा सहित विद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।
