हमीरपुर। जिलाधिकारी श्री अशोक कुमार की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी श्री अरुण कुमार सिंह की उपस्थिति में आज कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु एवं व्यापार बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न ट्रेडों से जुड़े व्यापारी एवं उद्योग बंधु उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने व्यापारियों एवं उद्यमियों की समस्याओं और उनके द्वारा उठाए गए विभिन्न बिंदुओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में व्यापारियों द्वारा प्रस्तुत कुल 06 बिंदुओं में से 05 बिंदुओं का निस्तारण किया जा चुका है। शेष बिंदु के संबंध में भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में औद्योगिक एवं व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए उद्यमियों एवं व्यापारियों की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यापारियों को अनावश्यक परेशानी से बचाएं।
जिलाधिकारी ने व्यापारियों से संवाद करते हुए उनके सुझाव भी प्राप्त किए तथा आश्वस्त किया कि व्यापारिक गतिविधियों को सुगम बनाने और उद्योगों के विकास के लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापारियों से प्राप्त शिकायतों एवं सुझावों पर गंभीरता से विचार कर उनका गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे जनपद में व्यापार एवं औद्योगिक विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हो सके।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त उद्योग बंधुओं एवं व्यापार बंधुओं से जनगणना-2027 के अंतर्गत संचालित स्व-गणना (Self Enumeration) अभियान में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी व्यापारी एवं उद्यमी 30 नवंबर 2026 तक अपनी-अपनी स्व-गणना अवश्य पूर्ण करें तथा अपने प्रतिष्ठानों, आसपास के लोगों, कर्मचारियों एवं अन्य नागरिकों को भी स्व-गणना के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करें, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस अभियान में भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।
बैठक का संचालन सहायक आयुक्त राज्य कर श्री दीपक सिंह द्वारा किया गया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), उपायुक्त राज्य कर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा व्यापारी प्रतिनिधि के.जी. अग्रवाल, विवेक गुप्ता, राधा कृष्ण ओमर, हिरदेश, राकेश, शरद गुप्ता, अवधेश गुप्ता, आनंद अग्रवाल, राधे, जयकिशोर, अमित, मकसूद अहमद, धीरेंद्र गुप्ता, प्रियांशु पुरवार, अंकित ओमर, शाश्वत ओमर सहित बड़ी संख्या में व्यापारी बंधु उपस्थित रहे।
