हमीरपुर। मझगवां थाना क्षेत्र के गिरवर गांव के जंगल में शुक्रवार रात को एक अज्ञात महिला का सिर कटा शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
शव मिलने की सूचना पर मझगवां और राठ पुलिस के साथ एसओजी व फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस के अनुसार, 20 नवंबर को गिरवर गांव के जंगल में महिला का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। मृतका के सिर की आसपास के क्षेत्र में तलाश की गई, लेकिन अभी तक बरामद नहीं हो सका है।
तलाश में डॉग स्क्वायड की भी मदद ली जा रही है। महिला की पहचान और घटना के खुलासे के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं।
ग्राम गिरवर के चौकीदार सुरेंद्र कुमार अनुरागी की तहरीर के आधार पर थाना मझगवां में अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में आगे की विधिक एवं विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।
क्षेत्राधिकारी राठ राजीव प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस टीमें महिला की शिनाख्त और घटना के खुलासे के लिए प्रयासरत हैं।
