पंडरिया। नगर के चांदनी चौक क्षेत्र में बिजली करंट की चपेट में आने से एक गाय की दर्दनाक मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मृत गाय गर्भवती थी, जिससे घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क किनारे बिजली व्यवस्था से जुड़े तार की चपेट में आने के बाद गाय करंट की चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने घटना को लेकर बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए विद्युत व्यवस्था की जांच कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि यदि बिजली लाइन या तार में किसी प्रकार की खराबी थी, तो उसे समय रहते दुरुस्त किया जाना चाहिए था। घटना के कारण एक बेजुबान पशु की जान चली गई।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने तथा बिजली व्यवस्था को सुरक्षित बनाने की मांग की है।
