जोबट में भूमि अधिग्रहण को लेकर किसानों द्वारा किया जा रहा धरना समाप्त, मुख्यमंत्री ने वर्चुअल संवाद कर दिया आश्वासन
दीपक शर्मा की रिपोर्ट

आलीराजपुर, 2 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने आज किसानों से वर्चुअली संवाद करते हुए कहा कि किसानों की बगैर सहमति के भूमि का अधिग्रहण नहीं किया जायेगा। साथ ही शासन किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए ही आगे की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद किसानों एवं भू-स्वामियों में संतोष देखा गया।
ज्ञात हो कि खनिज भूमि अधिग्रहण को लेकर जोबट तहसील में कृषकों एवं भू-स्वामियों द्वारा विगत पांच दिनों से दिए जा रहे धरना प्रदर्शन किया जा रहा था। आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वर्चुअल माध्यम से कृषकों एवं भू-स्वामियों से संवाद किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कृषकों की बात सुनते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि बिना भू-स्वामी की अनुमति के किसी भी भूमि का अधिग्रहण नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सदैव किसान हितैषी रही है और किसानों के हितों एवं अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जी का आभार व्यक्त किया । इस वर्चुअल बैठक के दौरान पूर्व विधायक माधो सिंह डावर , पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दीपक चौहान सहित बड़ी संख्या में कृषक एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।