
मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
सुमेरपुर, हमीरपुर। कस्बा सुमेरपुर निवासी 15 वर्षीय किशोरी शिवानी पुत्री पप्पू का शव शुक्रवार सुबह पलरा हार फैक्ट्री एरिया में बबूल के पेड़ पर दुपट्टे के फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। किशोरी गुरुवार रात परिजनों से किसी बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद बिना बताए घर से चली गई थी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की थी। पिता ने रात में ही किसी अप्रिय घटना की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी थी।
डायल-112 से सूचना मिलने के बाद सुमेरपुर पुलिस ने भी किशोरी की तलाश शुरू कर दी थी। शुक्रवार सुबह पलरा हार फैक्ट्री एरिया में एक बबूल के पेड़ पर किशोरी का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
वहीं, परिजनों ने किशोरी के चचेरे भाई और उसके साले पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना की सूचना पर फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

