
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597

मनावर, जिला धार। श्रावण मास के पावन अवसर पर मनावर विधायक डॉ. हीरालाल अलावा के नेतृत्व में क्षेत्र में आस्था और विकास को जोड़ने वाली भव्य कावड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा का मुख्य उद्देश्य प्राचीन देवरा महादेव मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए जनजागरूकता एवं जनसमर्थन जुटाना रहा।

विधायक डॉ. हीरालाल अलावा ने सर्वप्रथम ग्राम सेमल्दा में मां नर्मदा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और कावड़ में नर्मदा जल लेकर यात्रा प्रारंभ की। कावड़ यात्रा सिंघाना रोड स्थित प्राचीन बंकनाथ अटल दरबार मंदिर से प्रारंभ होकर मालवी चौपाटी, क्रांति चौपाटी एवं गांधी चौराहा होते हुए आगे बढ़ी।

इस दौरान नगरवासियों ने विधायक डॉ. अलावा एवं कावड़ यात्रियों का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। इसके बाद यात्रा ग्राम सनमोड़ एवं मोराड़ होते हुए प्राचीन देवरा महादेव मंदिर पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के जयकारों के साथ पूजा-अर्चना की। विधायक डॉ. हीरालाल अलावा ने मां नर्मदा से लाए गए पवित्र जल से शिवलिंग का जलाभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

इस अवसर पर विधायक डॉ. अलावा ने कहा कि “देवरा महादेव मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए यह केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि हमारी ऐतिहासिक विरासत को बचाने का आंदोलन है। देवरा महादेव मंदिर हमारी आस्था का प्रमुख केंद्र है और इसका संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है।” भव्य कावड़ यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्त, माताएं-बहनें एवं कार्यकर्ता कावड़ लेकर शामिल हुए। पूरे मार्ग में भगवान शिव के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

