काली पट्टी बांधकर लेखपालों ने किया विरोध, कार्य बहिष्कार कर जताई नाराजगी
मौदहा h। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की मौदहा तहसील उपशाखा के लेखपालों ने तहसील अध्यक्ष सुनील कुमार पटेल की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील परिसर में काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। लेखपालों ने कार्य बहिष्कार करते हुए अयोध्या के सोहावल तहसील में तैनात लेखपाल उत्कर्ष दीप के खिलाफ एंटी करप्शन एवं विजिलेंस की ट्रैप कार्रवाई का विरोध जताया।
लेखपालों ने इस मामले में ट्रैप कार्रवाई से पहले निष्पक्ष जांच कराने, फर्जी एवं दुर्भावनापूर्ण ट्रैप पर रोक लगाने तथा भ्रष्टाचार संबंधी मामलों में निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की। साथ ही ट्रैप कार्रवाई के लिए स्पष्ट एवं कड़े एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) निर्धारित किए जाने की मांग उठाई।
लेखपालों ने तहसील परिसर में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी दर्ज कराई। इसके बाद अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन मौदहा एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा। लेखपाल संघ ने शासन से मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर न्यायोचित कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया।

