
दीपक शर्मा
आलीराजपुर:- पुलिस अधीक्षक आलीराजपुर रघुवंश सिंह ने बताया कि फरियादी डॉ. राजेश अतुलकर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला आलीराजपुर द्वारा थाना कोतवाली पर आवेदन प्रस्तुत कर बताया गया कि दिनांक 21 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 12:01 बजे उनके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात मोबाइल नंबर से व्हाट्सऐप के माध्यम से संदेश प्राप्त हुआ। उक्त संदेश में माननीय मुख्यमंत्री महोदय, मध्यप्रदेश शासन के नाम से एक पत्र तैयार कर, आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. निर्मला निगवाल का सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र उदयगढ़ से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सोंडवा स्थानांतरण किए जाने संबंधी आग्रह किया गया था। फरियादी द्वारा उक्त संदेश का स्क्रीनशॉट लेकर संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया। बाद में संदेश भेजने वाले व्यक्ति द्वारा उक्त संदेश को डिलीट कर दिया गया। फरियादी द्वारा उक्त घटना के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए थाना कोतवाली पर आवेदन प्रस्तुत किया गया। प्राप्त सूचना एवं आवेदन के आधार पर फर्जी पत्र तैयार कर व्हाट्सऐप के माध्यम से भेजकर गुमराह करने के कृत्य के संबंध में अपराध क्रमांक 409/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। प्रकरण में पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम गठित कर तत्काल रवाना की गई है। पुलिस टीम द्वारा आरोपी की तलाश एवं गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

