
दीपक शर्मा की रिपोर्ट
आलीराजपुर:- मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर नीतू माथुर ने बड़ा खुटाजा स्थित हाई स्कूल एवं आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर विद्यार्थियों एवं बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों की पढ़ाई तथा आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। कलेक्टर माथुर ने हाई स्कूल में कक्षा 10वीं के छात्र-छात्राओं से संवाद स्थापित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को जीव विज्ञान विषय के अंतर्गत ‘पाचन तंत्र’ के बारे में सरल एवं रोचक तरीके से जानकारी दी। कलेक्टर द्वारा विषय समझाए जाने के दौरान विद्यार्थियों ने उत्सुकता के साथ विभिन्न सवाल पूछे, जिनका उन्होंने सहजता से उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस अवसर पर कलेक्टर माथुर ने विद्यार्थियों से कहा कि जीव विज्ञान उनके पसंदीदा विषयों में से एक है। उन्होंने कहा कि कक्षा 10वीं एवं 12वीं का शैक्षणिक सत्र विद्यार्थियों के भविष्य की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान विद्यार्थियों के सामने पढ़ाई और भविष्य को लेकर अनेक विकल्प एवं चुनौतियां होती हैं, जिससे वे कभी-कभी भ्रमित भी हो सकते हैं। ऐसे समय में विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करते हुए एकाग्रता के साथ अध्ययन करना चाहिए।उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन का सीमित एवं आवश्यकता अनुसार उपयोग करने की सलाह देते हुए कहा कि पढ़ाई के दौरान अनावश्यक मोबाइल उपयोग से बचें। उन्होंने कहा कि निरंतर प्रयास, अनुशासन और कठिन परिश्रम से सफलता अवश्य प्राप्त होती है। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अध्ययन करने तथा अपनी रुचि के विषयों में निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों से आत्मीय संवाद इसके पश्चात कलेक्टर माथुर ने आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से बच्चों की उपस्थिति, पोषण एवं प्रारंभिक शिक्षा संबंधी गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्र में नन्हे-मुन्ने बच्चों से आत्मीयता से संवाद किया। उन्होंने बच्चों को गोद में बैठाकर प्राथमिक अक्षर ज्ञान कराया तथा चित्रकला गतिविधि में भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों के साथ सहज वातावरण में समय बिताते हुए उनकी सीखने की गतिविधियों का अवलोकन किया। साथ ही आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।स्वास्थ्य केंद्र एवं पशु चिकित्सालय का भी किया निरीक्षण निरीक्षण के दौरान कलेक्टर माथुर ने बरझर स्थित स्वास्थ्य केंद्र एवं पशु चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं, सेवाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा पशुपालकों को समय पर पशु चिकित्सा सेवाओं का लाभ सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी दीपिका पाटीदार, नायब तहसीलदार दिनेश व्यास सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

