
ठनका गिरने से एक 60 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत

खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ के नीचे और खेतों में जाने से बचने की अपील
जहानाबाद। जिले के घोषी थाना क्षेत्र के विरुपुर गांव में शुक्रवार को ठनका गिरने से एक 60 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल कायम हो गया है। मृतक की पहचान विरुपुर गांव निवासी स्वर्गीय जयमंगल शर्मा के 60 वर्षीय पुत्र राजकुमार शर्मा के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में लोगों की भारी भीड़ जुट गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार राजकुमार शर्मा शुक्रवार को अपने पशुओं को चराने के लिए गांव के समीप स्थित खंधा में गए हुए थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ले ली और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। देखते ही देखते आसमान में तेज गरज होने लगी। इसी बीच अचानक ठनका गिर गया, जिसकी चपेट में आने से राजकुमार शर्मा गंभीर रूप से झुलस गए और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना तुरंत परिजनों और गांव के अन्य लोगों को दी।घटना की खबर मिलते ही परिवार के सदस्य घटनास्थल पर पहुंचे। अपने प्रियजन का शव देखकर परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। गांव के लोग भी इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि राजकुमार शर्मा काफी मिलनसार व्यक्ति थे और खेती-बाड़ी तथा पशुपालन कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं प्रशासन की ओर से परिजनों को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ के नीचे और खेतों में जाने से बचने की अपील की है, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।