A2Z सभी खबर सभी जिले की

हमीरपुर :बकरीद व मोहर्रम सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट

हमीरपुर। आगामी त्योहार बकरीद एवं मोहर्रम को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने की, जबकि पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में त्योहारों को शांति, सौहार्द एवं भाईचारे के साथ संपन्न कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कुर्बानी केवल पूर्व निर्धारित एवं परंपरागत स्थलों पर ही की जाए। खुले स्थानों अथवा नई जगहों पर कुर्बानी की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी त्योहार सामाजिक समरसता एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने की अपील भी की गई।उन्होंने हीट वेव एवं भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने, अधिक पानी पीने और अनावश्यक रूप से धूप में बाहर न निकलने की सलाह दी। साथ ही संबंधित विभागों को साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि भड़काऊ या भ्रामक सामग्री साझा करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।एसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि सड़क अथवा सार्वजनिक स्थलों पर नमाज़ अदा न की जाए। नमाज़ केवल निर्धारित एवं अधिकृत स्थलों पर ही पढ़ी जाए, जिससे यातायात एवं आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।बैठक में धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने तथा जनपद की गंगा-जमुनी तहजीब एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रिजवाना शाहिद, अपर पुलिस अधीक्षक सहित कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles
Show More
Back to top button