
ग्राम धावडीखापा में जल गंगा संवर्धन अभियान के द्वितीय चरण अंतर्गत बच्चों को दिलाई जल संरक्षण की शपथ, जल के महत्व एवं संरक्षण के प्रति बच्चों को किया जागरूक, नैतिक जिम्मेदारी निभाने का दिया संदेश
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिला कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ तथा जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के निर्देशन में एवं विकासखण्ड समन्वयक श्री दिलीप आठनेरे के निर्देशानुसार नवांकुर संस्था अवध विद्यापीठ शिक्षण समिति द्वारा ग्राम धावडीखापा में जल गंगा संवर्धन अभियान के द्वितीय चरण अंतर्गत ग्राम के शिक्षाध्ययनरत बालक-बालिकाओं को जल संरक्षण की जानकारी दी गई।

नवांकुर संस्था अध्यक्ष श्री राजेश कुमार मानकर द्वारा बच्चों को जल के महत्व तथा पृथ्वी पर उसकी सीमित उपलब्धता के बारे में जानकारी देते हुए भारत के विभिन्न महानगरों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रीष्मकाल के दौरान उत्पन्न होने वाले जल संकट एवं उससे होने वाली समस्याओं से अवगत कराया गया।
उन्होंने बताया कि हम अपने व्यक्तिगत स्तर पर नैतिक जिम्मेदारी निभाते हुए किस प्रकार छोटे-छोटे प्रयासों से जल संरक्षण कर इस समस्या के निराकरण में योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम के पश्चात सभी बच्चों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में रजनी तुमडाम, राधिका परतेती, रूक्मिणी परतेती, गणेश भलावी, गोपाल सहित अन्य बच्चों ने सहभागी बनकर कार्यक्रम को सफल बनाया।