A2Z सभी खबर सभी जिले की

जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न, प्रभारी मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की ,स्वास्थ्य, सिंचाई, शिक्षा, पुलिस अधोसंरचना एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर हुई चर्चा

जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न, प्रभारी मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की

स्वास्थ्य, सिंचाई, शिक्षा, पुलिस अधोसंरचना एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर हुई चर्चा

ई-विकास प्रणाली से उर्वरक वितरण की समीक्षा, किसानों को लाइन से मिलेगी राहत – प्रभारी मंत्री

जल जीवन मिशन, स्वामित्व योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना में जिले की उल्लेखनीय उपलब्धियां प्रस्तुत

विशेष भू-अर्जन पैकेज से डूब प्रभावित कृषकों को मिलेगा बड़ा लाभ, मुआवजा राशि बढ़कर 12.5 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर तक पहुंचने की संभावना

जनप्रतिनिधियों ने पेयजल, शिक्षा, सिंचाई एवं रेल स्टॉपेज सहित विभिन्न मुद्दे उठाए, प्रभारी मंत्री ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश

Related Articles

संवाददाता धनंजय जोशी

जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

जिला पांढुर्णा अंतर्गत जिला विकास सलाहकार समिति की समीक्षा बैठक दिनांक 11 मई 2026 को ऊर्जा एवं जिला प्रभारी मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की अध्यक्षता में नगर पालिका परिषद सभाकक्ष पांढुर्णा में सम्पन्न हुई। बैठक में जिले में संचालित विकास कार्यों, अधोसंरचना परियोजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, सिंचाई योजनाओं, शिक्षा, पुलिस व्यवस्था एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई।

बैठक में कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ द्वारा बताया कि जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल जामसांवली हनुमान मंदिर परिसर में लगभग 35 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हनुमान लोक परियोजना का लोकार्पण माननीय मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा 26 मार्च 2026 को किया गया। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने अवगत कराया कि जिला अस्पताल पांढुर्णा के संचालन के लिए 02 डायलिसिस मशीन प्राप्त हो चुकी हैं तथा टेंडर प्रक्रिया प्रगति पर है। वर्तमान में जिला अस्पताल निर्माण के लिए भूमि चयन एवं डिजाइन अंतिम चरण में है, जिससे भविष्य में जिलेवासियों को सस्ता एवं सुलभ उपचार उपलब्ध हो सकेगा।

कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने प्रभारी मंत्री श्री तोमर को जानकारी दी कि जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए ब्लड बैंक स्थापना का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। प्रस्ताव स्वीकृत होने पर जिलेवासियों को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।

अपर कलेक्टर श्री नीलमणि अग्निहोत्री द्वारा प्रभारी मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर को अवगत कराया गया कि पांढुर्णा जिले अंतर्गत निर्मित 01 मध्यम मोहगांव जलाशय, 37 लघु सिंचाई योजनाएं एवं 01 स्टॉपडेम सहित कुल 39 योजनाओं से वर्तमान में लगभग 13 प्रतिशत सिंचाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि छिंदवाड़ा सिंचाई कॉम्पलेक्स परियोजना जिले की महत्वपूर्ण एवं महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके अंतर्गत बैलेंसिंग रिजर्वायर एवं जलाशय से 89903 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई प्रस्तावित है। श्री अग्निहोत्री ने जानकारी दी कि बैलेंसिंग रिजर्वायर (पांढुर्णा बांध) हेतु भू-अर्जन कार्य प्रारंभ हो चुका है तथा 05 ग्रामों में धारा 21 की कार्यवाही पूर्ण कर अवार्ड तैयार किया जा रहा है। साथ ही पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय से वन प्रकरण में स्टेज-2 स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। पुनर्वास एवं पुनर्विस्थापन के तहत कलमगांव एवं लव्हाना ग्राम में 14.30 हेक्टेयर भूमि राजस्व विभाग द्वारा हस्तांतरित की गई है तथा धारा 18 की कार्यवाही भी पूर्ण हो चुकी है। उन्होंने बताया कि योजना अंतर्गत विशेष भू-अर्जन पैकेज की स्वीकृति शासन स्तर से 30 अप्रैल 2026 को प्राप्त हुई है। शासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में गुणांक का पुनर्निर्धारण 2.0 किए जाने से डूब प्रभावित कृषकों को विशेष लाभ मिलेगा। वर्तमान में 3 से 4 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर की बाजार मूल्य दरें बढ़कर लगभग 12.5 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर या उससे अधिक होने की संभावना है। इसके अतिरिक्त पुनर्वास लाभ के रूप में प्रति परिवार लगभग 25 लाख रुपये या उससे अधिक का लाभ भी प्रभावित कृषकों को प्राप्त हो सकेगा।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जल जीवन मिशन के अंतर्गत किए गए कार्यों की जानकारी देते हुए बताया गया कि जिले के 152 ग्रामों में एकल नल-जल योजनाएं पूर्ण कर ली गई हैं तथा पिछले तीन वर्षों में 18890 परिवारों को क्रियाशील घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। मार्च 2023 तक जिले के 41186 परिवारों को नल से जल उपलब्ध था, जो अब बढ़कर 60076 परिवारों तक पहुंच गया है।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री प्रकाश चंद्र परिहार द्वारा जिले में कानून व्यवस्था एवं पुलिस अधोसंरचना विकास की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि कम्युनिकेशन सेंटर का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा पुलिस कंट्रोल रूम निर्माण अंतिम चरण में है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय, शासकीय आवास एवं रक्षित केंद्र का निर्माण प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि जिले में पुलिस बल की कमी है तथा निरीक्षक से लेकर आरक्षक स्तर तक अनेक पद रिक्त हैं। महिला उप निरीक्षक, रेडियो शाखा के तकनीकी स्टाफ, एफएसएल एवं फिंगर प्रिंट अधिकारियों की आवश्यकता है। उन्होंने 40 लोकेशनों पर 208 सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने एवं ग्राम कलमगांव में पुलिस लाइन, परेड ग्राउंड एवं बैरक निर्माण की आवश्यकता भी बताई।

कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने स्वास्थ्य विभाग की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मारुड, साइखेडा एवं पंधराखेडी के निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके हैं। वहीं हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पठारा, जामलापानी, लेंडोरी, कोडाली, पिपलपानी, चिचघाट एवं बोथिया में निर्माण कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं। सिविल अस्पताल पांढुर्णा में पीआईसीयु एवं आईसीयू निर्माण कार्य प्रगति पर है। जिले की 57 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त पंचायत घोषित किया गया है तथा 65243 निक्षय आईडी बनाई गई हैं। जिले में 210612 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं तथा 86455 हितग्राहियों की सिकल सेल स्क्रीनिंग की गई है, जिसमें 22 पॉजिटिव पाए गए हैं। सिविल अस्पताल पांढुर्णा में सोनोग्राफी सेंटर क्रियाशील किया गया है तथा अब तक 476 सोनोग्राफी की जा चुकी हैं। इसके अतिरिक्त 100 दिवसीय स्वास्थ्य शिविर 55 स्थानों पर आयोजित किए गए तथा 0-18 वर्ष के बच्चों की 189 सर्जरी एवं 212 जनरल सर्जरी की गई। 14 वर्षीय बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए 3230 टीके लगाए गए।

बैठक में ई-विकास प्रणाली से उर्वरक वितरण की समीक्षा भी की गई। प्रभारी मंत्री श्री तोमर ने कहा कि ई-विकास प्रणाली के माध्यम से किसानों को लाइन में लगने से राहत मिलेगी। उन्होंने किसानों को अपनी पात्रता अनुसार उर्वरक की पूरी मात्रा एक साथ उठाव करने की बात कही। बैठक में उपसंचाल कृषि श्री जीतेन्द्र सिंह द्वारा बताया गया कि 01 अप्रैल 2026 से अब तक 5025 किसानों द्वारा ई-टोकन बुक किए गए हैं, जिनमें लगभग 1000 किसानों द्वारा 556 मीट्रिक टन उर्वरकों का उठाव किया गया है। जिले में वर्तमान में 8850 मीट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध है। कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने सभी सहकारी समितियों, मार्कफेड, एमपी एग्रो एवं सीएससी सेंटरों को किसानों की सहायता के लिए निर्देशित किया। साथ ही पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित कर किसानों को ई-टोकन प्रणाली का प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए गए।

शिक्षा विभाग की समीक्षा में कलेक्टर श्री वशिष्ठ द्वारा बताया गया कि कक्षा 10वीं का परीक्षाफल 84 प्रतिशत तथा कक्षा 12वीं का परीक्षाफल 85 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में क्रमशः 5 एवं 6 प्रतिशत अधिक है। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में 1290 साइकिलों का वितरण किया गया। राज्य मेरिट सूची में हाईस्कूल के 05 एवं हायर सेकेंडरी के 03 छात्रों ने स्थान प्राप्त किया। इंस्पायर अवार्ड प्रदर्शनी में जिले के 04 छात्रों ने राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। शालेय योग प्रतियोगिता में जिले के 06 छात्र राज्य स्तर के लिए चयनित हुए। शासकीय उमावि रामाकोना के कार्यक्रम अधिकारी श्री चंद्रकांत नाचनकर को राष्ट्रीय सेवा योजना का राज्यस्तरीय पुरस्कार प्रदान किया गया।

बैठक में जिले में संचालित विभिन्न नवाचारों एवं योजनाओं की जानकारी जिला पंचायत सी ई ओ श्री अग्रिम कुमार द्वारा प्रस्तुत की गई। जिसमें उन्होंने बताया ‘वॉश ऑन व्हील्स प्लस’ योजना के अंतर्गत जिले को राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। योजना अंतर्गत 1231 बुकिंग प्राप्त हुईं, जिनमें से 599 सेवाएं प्रदान की जा चुकी हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत जिले ने 56 प्रतिशत पूर्णता के साथ राज्य में 5वीं रैंक प्राप्त की है तथा 9319 हितग्राहियों को कम दरों पर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सामग्री उपलब्ध कराकर लगभग 5.50 करोड़ रुपये की बचत कराई गई है।

स्वामित्व योजना अंतर्गत 211 ग्रामों में ड्रोन सर्वे पूर्ण कर 52747 हितग्राहियों को आबादी भूमि के स्वामित्व अधिकार अभिलेख वितरित किए गए हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को 61 करोड़ 49 लाख रुपये तथा मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना अंतर्गत लगभग 53 करोड़ 25 लाख रुपये की राशि वितरित की गई है। जिले में राजस्व रिकॉर्ड डिजिटलाईजेशन का कार्य भी प्रगति पर है।

पशुपालन एवं डेयरी विभाग की समीक्षा में उपसंचालक पशुपालन विभाग श्री पक्षवार ने बताया गया कि ‘1962 चलित पशु चिकित्सा इकाई योजना’ के माध्यम से 2092 पशुओं का उपचार किया गया। विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया तथा 710 पशुपालकों को 368.59 लाख रुपये का ऋण वितरित कराया गया। राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम अंतर्गत 81159 गौवंश एवं भैंसवंश का एफएमडी टीकाकरण किया गया। प्रभारी मंत्री श्री तोमर ने डॉक्टर भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना में तेजी लाने एवं जिले में दूध उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए।

बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा गंदे पेयजल, सांदीपनी विद्यालय, नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय, स्टॉपडेम, पांढुर्णा में इंडस्ट्रीज,पशु चिकित्सकों की आवश्यकता, रेल स्टॉपेज एवं खाद की उपलब्धता सहित विभिन्न मुद्दे उठाए गए। जिला प्रभारी मंत्री श्री तोमर ने गंदे पेयजल की समस्या का 4 दिनों में निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय सौंसर का प्रस्ताव भेजा जा चुका है तथा नवोदय विद्यालय के प्रस्ताव भी शीघ्र भेजे जाएंगे।

प्रभारी मंत्री श्री तोमर ने अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए तथा कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए।

उक्त बैठक में विधायक पांढुर्णा श्री निलेश उइके विधायक सौसर श्री विजय चौरे जिला अध्यक्ष समाजसेवी श्री संदीप मोहोड़ नगर पालिका अध्यक्ष श्री संदीप घाटोड़े संयुक्त जनप्रतिनिधि एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री प्रकाश चंद्र परिहार, जिला पंचायत सीईओ श्री अग्रिम कुमार, एडीएम श्री नीलमणि अग्निहोत्री, एसडीएम पांढुर्णा श्रीमती अलका एक्का, संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रेक्षा पाठक सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Show More
Back to top button