

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में जिलाधिकारी अभिषेक गोयल की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक की उपस्थिति में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की सड़क सुरक्षा व्यवस्था, दुर्घटना संभावित स्थलों, यातायात प्रबंधन एवं सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुधारात्मक कार्य शीघ्र कराए जाएं। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं बल्कि सामाजिक दायित्व भी है। आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाने तथा हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमित अभियान चलाकर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही ओवरलोडिंग, तेज गति एवं अवैध पार्किंग पर प्रभावी नियंत्रण रखने पर बल दिया।
बैठक में लोक निर्माण विभाग, परिवहन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नगर निकाय एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था को और मजबूत बनाए जाने पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, एडीएम नमामि गंगे सुरेश कुमार, एआरटीओ अमिताभ राय, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग अरुण कुमार सहित समस्त उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।