

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में मंगलवार को शिक्षामित्र सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति और जिलाधिकारी अभिषेक गोयल की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया। इस दौरान प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षामित्रों के मानदेय में की गई वृद्धि का जोरदार स्वागत किया गया और इसे शिक्षा व्यवस्था को मजबूती देने वाला अहम कदम बताया गया।

विधायक डॉ. प्रजापति ने कहा कि सरकार शिक्षामित्रों के हितों को लेकर पूरी तरह गंभीर है और उनके योगदान को सम्मान देने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास जताया कि मानदेय बढ़ने से शिक्षामित्रों का मनोबल और ऊंचा होगा, जिससे वे और अधिक समर्पण के साथ बच्चों के भविष्य को संवारने में जुटेंगे।
जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने शिक्षामित्रों की भूमिका को शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने में “रीढ़ की हड्डी” बताते हुए उनकी सराहना की। उन्होंने सभी से अपेक्षा की कि वे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें, ताकि जिले की शिक्षा व्यवस्था और सशक्त हो सके।
समारोह में शिक्षामित्रों को बढ़े हुए मानदेय के प्रतीक स्वरूप डमी चेक वितरित किए गए। बताया गया कि इस फैसले का लाभ जनपद के 841 शिक्षामित्रों को मिलेगा। इस मौके पर शिक्षामित्रों ने प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे अपने सम्मान और संघर्ष की जीत बताया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण भी देखा गया, जिसने माहौल को और उत्साहपूर्ण बना दिया।
इस अवसर पर नगर पालिका चेयरमैन कुलदीप निषाद, मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक महेश गुप्ता, बेसिक शिक्षा अधिकारी आलोक सिंह, जिला सूचना अधिकारी सतीश कुमार, शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष रवींद्र तिवारी सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में शिक्षामित्र मौजूद रहे।