

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट स्थित डॉ एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में “श्रमवीर गौरव समारोह 2026” का आयोजन उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य श्रमिकों के सम्मान के साथ-साथ उन्हें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर माननीय राज्यसभा सांसद श्री बाबूराम निषाद मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने श्रमिकों को राष्ट्र निर्माण की रीढ़ बताते हुए कहा कि देश की प्रगति श्रमिकों के सशक्तिकरण पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के अधिकारों की सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा, योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तथा उनके कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रमिकों से संबंधित योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा श्रमिक कल्याण योजनाओं के लोकार्पण/शिलान्यास कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक देखा।
अधिकारियों द्वारा जानकारी दी गई कि पंजीकृत श्रमिकों को मातृत्व, शिक्षा, विवाह, आवास, चिकित्सा, पेंशन एवं दुर्घटना सहायता सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाता है। साथ ही श्रमिकों पंजीकरण प्रक्रिया एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की जानकारी भी दी गई। हेल्पलाइन 1800-180-5412 एवं वेबसाइट upbocw.in के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
जिलाधिकारी के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर उन्हें सरकारी योजनाओं से अधिकतम लाभान्वित करना है।
कार्यक्रम में एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, पीडी/प्रभारी सीडीओ नवीन कुमार गुप्ता, श्रम प्रवर्तन अधिकारी महेंद्र सिंह, सूचना अधिकारी सतीश कुमार सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।
अंत में, श्रमिकों के अमूल्य योगदान को नमन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं कल्याण की कामना की गई।