
जल गंगा संवर्धन अभियान: रात्रि चौपाल में सूक्ष्म सिंचाई तकनीकों और वर्षा पूर्व पौधरोपण पर किसानों को मिला मार्गदर्शन
कलेक्टर के मार्गदर्शन में जल गंगा संवर्धन अभियान को मिल रहा जनसमर्थन
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
जिला कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशन में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत उद्यानिकी विभाग पांढुर्णा द्वारा ग्राम पेंढोनी में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से अवगत कराना रहा।
कार्यक्रम में उपसंचालक उद्यान श्री एमएल उइके, वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी श्री सिद्धार्थ दुआप्रे एवं उद्यान विस्तार अधिकारी श्री रवि सूर्यवंशी के मार्गदर्शन में जल गंगा संवर्धन अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया गया। रात्रि चौपाल में उपस्थित किसानों को प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (PMKSY) के अंतर्गत ड्रिप, स्प्रिंकलर एवं मिनी स्प्रिंकलर जैसी सूक्ष्म सिंचाई तकनीकों के उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इन तकनीकों के माध्यम से कम पानी में अधिक उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है, जिससे जल संरक्षण के साथ-साथ किसानों की आय में भी वृद्धि संभव है।

इसके साथ ही किसानों को वर्षा पूर्व पौधरोपण की वैज्ञानिक विधियों की जानकारी दी गई, जिससे आगामी मानसून में अधिकतम लाभ लिया जा सके। किसानों को पौधों के चयन, रोपण की उचित विधि, खाद एवं पोषण प्रबंधन तथा जल संरक्षण के उपायों के बारे में भी विस्तार से समझाया गया।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ के मार्गदर्शन में जिले में जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए इस प्रकार की जनजागरूकता गतिविधियों का लगातार आयोजन किया जा रहा है, जिससे किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़कर जल संसाधनों के बेहतर उपयोग की दिशा में प्रेरित किया जा रहा है।