
गैस रिसाव के कारण अचानक भीषण आग

गांव में एक शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा
जहानाबाद। जिले के काको प्रखंड क्षेत्र के दक्षिणी धरमपुर गांव में एक शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया। घर में चल रही तैयारियों के बीच किचन में गैस रिसाव के कारण अचानक भीषण आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में एक बच्चा समेत पांच महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं। सभी घायलों को तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। खुशियों का माहौल देखते ही देखते मातम में बदल गया और पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया।
बताया जा रहा है कि शादी समारोह के चलते घर में काफी संख्या में रिश्तेदार और मेहमान मौजूद थे। महिलाएं किचन में भोजन बनाने में जुटी हुई थीं, तभी अचानक सिलेंडर से गैस का रिसाव शुरू हो गया। किचन में गैस की तेज गंध फैलने लगी, जिससे कुछ लोगों ने चिंता भी जताई, लेकिन स्थिति की गंभीरता को नजरअंदाज कर दिया गया। इसी दौरान किसी ने चूल्हा जलाने के लिए माचिस जलाई, जिससे किचन में जमा गैस ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग की लपटें फैल गईं। आग लगते ही घर में भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और झुलसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
घायलों में अधिकांश महिलाएं शामिल हैं, जो खाना बनाने में लगी थीं. डॉक्टरों के अनुसार, सभी घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया गया है और फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और शादी की खुशियां गम में तब्दील हो गई हैं