A2Z सभी खबर सभी जिले की

बस्ती में महिला सशक्तिकरण पर सवाल: दुष्कर्म पीड़िता को नहीं मिल रहा न्याय

बस्ती । जनपद के गौर थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जहां महिला सशक्तिकरण के दावों की हकीकत पर सवाल खड़े हो रहे हैं। एक दुष्कर्म पीड़िता पिछले कई महीनों से न्याय के लिए दर-दर भटक रही है, लेकिन अब तक उसे न्याय नहीं मिल सका है।
पीड़िता का आरोप है कि गांव के ही निवासी युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया, उसका वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करता रहा और लगातार शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर करता रहा। इस दौरान पीड़िता गर्भवती हो गई। आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर गर्भपात के लिए मजबूर किया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई।
मामले के उजागर होने के बाद पीड़िता के परिजनों ने गौर थाने में शिकायत दी थी। पुलिस के दबाव में आरोपी ने मंदिर में पीड़िता से विवाह भी किया, लेकिन अब वह उसे अपने घर रखने से इनकार कर रहा है। इतना ही नहीं, पीड़िता का आरोप है कि आरोपी और उसके परिवारवालों ने उसे मारपीट कर घर से भगा दिया और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़िता ने इस मामले की शिकायत सीओ हर्रैया और पुलिस अधीक्षक बस्ती से भी की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी को पुलिस का संरक्षण प्राप्त है, जिससे उसका मनोबल बढ़ा हुआ है।
पीड़िता और उसके परिवार को किसी बड़ी घटना की आशंका सता रही है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या बस्ती पुलिस इस पीड़िता को न्याय दिला पाएगी, या फिर यह मामला भी कागजों में दबकर रह जाएगा?

Show More
Back to top button