
अंबेडकर जयंती पर विद्यालयों में जागरूकता एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन, विद्यार्थियों ने रखे प्रभावशाली विचार
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुर्णा। – डॉ भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को संविधान के महत्व, शिक्षा के प्रसार तथा सामाजिक समानता के मूल्यों से अवगत कराया गया।
शासकीय उर्दू हाई स्कूल, पांढुर्णा में साप्ताहिक कार्यक्रम के अंतर्गत जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संविधान के महत्व एवं शिक्षा के प्रसार विषय पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही विद्यार्थियों के बीच निबंध प्रतियोगिता आयोजित कर उन्हें अपने विचार अभिव्यक्त करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और शिक्षा के महत्व को रेखांकित करना रहा
इसी क्रम में शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सिवनी एवं शासकीय हाई स्कूल भूली में भाषण प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने बाबा साहेब के जीवन, उनके संघर्षों तथा संविधान निर्माण में उनके योगदान पर प्रेरणादायी विचार प्रस्तुत किए।

वहीं शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल खैरीपैका एवं शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल नरसाला में भी भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने प्रभावशाली वक्तव्यों के माध्यम से संविधान के आदर्शों एवं डॉ. अंबेडकर के विचारों को प्रस्तुत किया।
इन आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों में न केवल भाषण एवं लेखन कौशल का विकास हुआ, बल्कि उन्हें संविधान के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा भी मिली।

