
भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने उठाई किसानों की आवाज, प्रशासन ने दिया आश्वासन
भाजपा प्रतिनिधि मंडल की पहल रंग लाई: किसानों के लिए बोरवेल परमिशन प्रक्रिया होगी सरल
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुरना। किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने जिला कलेक्टर महोदय से मुलाकात कर बोरवेल (नलकूप) की परमिशन प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग रखी। इस पहल का नेतृत्व पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री राजू भाऊ रेवतकर ने किया, जिनके साथ पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष एवं पूर्व जल सभापति श्री नरेश कलम्बे तथा सभापति श्री महेंद्र घोड़े सहित किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

क्षेत्र में पानी की कमी के कारण किसानों के संतरा बागानों के सूखने की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। किसानों की समस्या को तत्काल समाधान तक पहुंचाने के लिए श्री राजू भाऊ रेवतकर ने सांसद श्री विवेक बंटी साहू से दूरभाष पर चर्चा की।
भाजपा प्रतिनिधि मंडल की सक्रियता के चलते माननीय सांसद ने तुरंत जिला कलेक्टर से बात कर किसानों की समस्या के निराकरण हेतु पहल की। जिस पर जिला कलेक्टर महोदय ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि बोरवेल (नलकूप) की परमिशन प्रक्रिया को नियमानुसार सरल एवं शीघ्र किया जाएगा।
भाजपा प्रतिनिधि मंडल की इस सक्रिय पहल से क्षेत्र के किसानों में नई उम्मीद जगी है। किसानों ने जनप्रतिनिधियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि अब उनके संतरा बागानों को समय पर पानी मिल सकेगा और फसलों को सूखने से बचाया जा सकेगा।