
पांढुर्णा में पोषण पखवाड़ा की शुरुआत: विशेष स्वास्थ्य शिविर, जागरूकता कार्यक्रम और सामुदायिक सहभागिता पर जोर
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
जिले में 9 अप्रैल से 23 अप्रैल 2026 तक आयोजित किए जा रहे 8वें पोषण पखवाड़ा के तहत विभिन्न ग्रामों और आंगनवाड़ी केंद्रों में व्यापक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर को सुनिश्चित करना है।
इसी क्रम में 10 अप्रैल को U/VSHND के दौरान गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए।

शिविरों में प्रसव पूर्व जांच, संतुलित आहार, गर्भावस्था एवं धात्रीकाल में पोषण संबंधी आवश्यक जानकारियां दी गईं। साथ ही “पोषण की थाली” के माध्यम से संतुलित भोजन के महत्व को व्यावहारिक रूप में समझाया गया।

पोषण पखवाड़ा के अंतर्गत 23 अप्रैल तक प्रतिदिन थीम आधारित कार्यक्रम जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में संचालित किए जाएंगे। आंगनवाड़ियों में बच्चों के लिए औपचारिक शिक्षा, खेलकूद गतिविधियां तथा माता-पिता को बच्चों को मोबाइल और टीवी से दूर रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसके अलावा महिलाओं को पोषण व्यंजनों की गुणवत्ता, स्वास्थ्य एवं संतुलित आहार के विषय में जानकारी दी जा रही है।

वहीं ग्राम पंचायत बडचिचोली में 9 अप्रैल को पोषण पखवाड़ा का शुभारंभ सरपंच श्रीमती भारतीय शेंडे द्वारा सरस्वती पूजन के साथ किया गया। इस अवसर पर ग्राम में पोषण प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें संतुलित आहार एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदर्शित की गईं। साथ ही सामुदायिक चर्चा के माध्यम से ग्रामीणों को पोषण के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में सेक्टर पर्यवेक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं। पूरे अभियान के दौरान ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है।
पोषण पखवाड़ा के माध्यम से प्रशासन का प्रयास है कि हर घर तक पोषण और स्वास्थ्य की सही जानकारी पहुंचे तथा एक स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण हो।