

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर ने शुक्रवार को थाना चिकासी का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सबसे पहले थाना कार्यालय का जायजा लिया गया। इसके बाद लॉकअप, अपराध रजिस्टर, महिला हेल्पडेस्क, साइबर हेल्पडेस्क, सीसीटीएनएस कक्ष, विवेचना कक्ष, ई-मालखाना, मेस तथा थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली का बारीकी से निरीक्षण किया गया। साथ ही अभिलेखों की गहनता से जांच करते हुए उन्हें समय-समय पर अद्यावधिक रखने के निर्देश दिए गए।

एसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। महिला सुरक्षा, मिशन शक्ति अभियान और साइबर अपराधों की रोकथाम को लेकर विशेष निर्देश देते हुए कहा कि महिला हेल्पडेस्क और साइबर हेल्पडेस्क को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। साथ ही आमजन, विशेषकर महिलाओं एवं छात्राओं को महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर 1090, 112 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 एवं cybercrime.gov.in के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा थाना प्रभारी चिकासी एवं मौजूद पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया गया कि थाने पर आने वाली जनता और पीड़ितों के साथ शालीन, विनम्र और सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा उनकी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।