

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। नवरात्रि विसर्जन के दौरान शनिवार शाम सदर कोतवाली क्षेत्र के केसरिया के डेरा में उस समय हड़कंप मच गया, जब दो पक्षों के बीच मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर मारपीट शुरू हो गई और विवाद इतना बढ़ गया कि युवकों के बीच तलवार व फरसा तक चल गए।
इस खूनी झड़प में अजीत नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि अजीत झगड़े के दौरान बीच-बचाव करने गया था, तभी वह हमले की चपेट में आ गया। तलवार लगने से युवक लहूलुहान हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।
घटना शनिवार शाम विसर्जन के समय की बताई जा रही है। इस पूरे बवाल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
उधर, पुलिस की ओर से सोशल मीडिया पर दी गई जानकारी में बताया गया कि “दो पक्षों के बीच विवाद/झगड़ा होने पर मौके पर उपस्थित लोगों द्वारा समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया गया। उक्त प्रकरण थाना कोतवाली नगर पुलिस के संज्ञान में है। दोनों पक्षों को थाने पर बुलाया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है। जांचोपरांत प्राप्त तथ्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।”